मुरैना में बटाई का खेत काटने पहुंचे मजदूर से मारपीट:सरसों की फसल काटने से रोका, लाठियों से पीटा; VIDEO, SC-ST एक्ट में केस दर्ज

मुरैना की पोरसा तहसील के एक गांव में बटाई पर खेती कर रहे मजदूर के साथ खेत मालिक के भाइयों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। मजदूर जब खेत में खड़ी सरसों की फसल काटने पहुंचा, तो आरोपियों ने उसे फसल काटने से रोकते हुए मारपीट कर भगा दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में मारपीट सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्वालियर निवासी 44 वर्षीय मजदूर गब्बर जाटव पुत्र बाबूलाल जाटव ने पोरसा के गांव छत्तरपुरा निवासी सरिता तोमर पत्नी देवेंद्र तोमर से खेत बटाई पर लिया था। दोनों के बीच बटाई का एग्रीमेंट भी हुआ था। गब्बर जाटव ने खेत में सरसों की फसल बोई थी, जो अब पूरी तरह तैयार हो चुकी थी। खेत पर पहुंचते ही की मारपीट मजदूर गब्बर जाटव 1 मार्च को सरसों की फसल काटने के लिए मजदूरों के साथ खेत पर पहुंचा। इसी दौरान खेत मालिक के भाई मनोज तोमर और अंगद तोमर वहां पहुंचे और उसे फसल काटने से रोक दिया। आरोप है कि दोनों ने लाठियों से मारपीट की, धमकाया और गब्बर का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। मारपीट की यह घटना वीडियो में भी रिकॉर्ड हो गई है। गब्बर जाटव ने बताया कि उसका खेत मालिक के भाइयों से कोई विवाद नहीं था। यदि फसल बोने से पहले मना कर दिया जाता, तो वह खेत बटाई पर ही नहीं लेता। अब जब फसल तैयार हो गई है, तो उसे जबरन फसल काटने से रोका जा रहा है और उसके साथ मारपीट की गई है। पोरसा थाना प्रभारी दिनेश कुशवाहा ने बताया कि बटाई के खेत में फसल काटने को लेकर विवाद हुआ था। मजदूर के साथ मारपीट की पुष्टि हुई है। इस मामले में संबंधित धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *