जांजगीर| राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को ग्राम पंचायत मुलमुला के पंचायत भवन में विशेष राजस्व शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। आसपास के चार गांवों के ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दे सकेंगे। इसमें कोनार, मुलमुला, मस्तूरीडीह और तावनडीह ग्राम के लोग शामिल हो पाएंगे। शिविर में राजस्व विभाग और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार, एक ही खाते में दर्ज खातेदारों के नाम अलग अलग दर्ज कराने और भूमि संबंधी अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन लिए जाएंगे। खातेदारों के नाम अलग अलग दर्ज कराने के लिए सभी संबंधित खातेदारों को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और जमीन की पर्ची साथ लाना होगा। जिन भूमि स्वामियों के राजस्व रिकॉर्ड में मोबाइल नंबर, आधार नंबर या किसान किताब अपडेट नहीं है, वे भी शिविर में अपना रिकॉर्ड अपडेट करा सकेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ अब केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने एग्रीटेक में पंजीयन कराया है। इसलिए जिन किसानों ने अभी तक एग्रीटेक पंजीयन नहीं कराया है, वे शिविर में पहुंचकर अपनी जानकारी अपडेट करा सकते हैं।


