लुधियाना जिले में दाखा पुलिस ने बद्दोवाल स्थित रॉयल लीमोज रेंटल शोरूम पर हुई फायरिंग के मामले में कथित मुख्य सरगना कौशल चौधरी को गुरुग्राम (हरियाणा) से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। कौशल चौधरी को गुरुग्राम से लाए जाने के बाद दाखा पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पूछताछ के दौरान डीआईजी सतिंदर सिंह, एसएसपी लुधियाना देहाती डॉ. अंकुर गुप्ता, डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा, सीआईए इंचार्ज अमृतपाल सिंह और थाना प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस मामले में जल्द ही किसी बड़े खुलासे की संभावना जताई है। कौशल चौधरी को दाखा थाने लाए जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई थी। थाने के बाहर कमांडो तैनात किए गए थे और फोरेंसिक टीमें भी मौके पर मौजूद थीं। सुरक्षा कारणों से थाने का मुख्य गेट बंद रखा गया था। तीन दिन पहले की थी शोरुम पर फायरिंग गौरतलब है कि यह घटना 10 जनवरी की सुबह लुधियाना-फिरोजपुर नेशनल हाईवे पर बद्दोवाल गांव के पास स्थित रॉयल लीमोज नामक रेंटल शोरूम पर हुई थी। दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने शोरूम पर कई राउंड फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद आरोपी शोरूम के बाहर पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा के नाम की दो पर्चियां फेंककर फरार हो गए थे। यह शोरूम शादियों के लिए लग्जरी कार उपलब्ध कराता है। घटना के बाद से ही दाखा पुलिस आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस पूरे इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।


