मुशायरे में अंडे फेंके, मंच पर चढ़े सैकड़ों दर्शक:खरगोन में गलत रचना, सम्मान न मिलने पर हुआ विवाद; कार्यक्रम बंद कराया

खरगोन शहर के जमजम मार्केट क्षेत्र में 7 फरवरी 2026 की रात आयोजित ‘एक शाम वतन के नाम’ ऑल इंडिया मुशायरे में देर रात करीब 1:25 बजे हंगामा हो गया। सैकड़ों श्रोता मंच पर चढ़ गए और शायरों को घेर लिया। स्थिति बिगड़ने पर कार्यक्रम बीच में ही बंद करना पड़ा। अब घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामले में मुस्लिम समुदाय के दो पक्षों ने शहर कोतवाली थाने में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की शिकायत दर्ज कराई है। सम्मान और रचनाओं को लेकर विवाद शुरू
नगरपालिका ने मुस्लिम पार्षदों के सहयोग से जमजम मार्केट क्षेत्र में मुशायरे का आयोजन किया था। इसमें देशभर से शायर शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय शायर अबू बकर जिया के कलाम पेश करने के समय कुछ श्रोताओं ने विरोध जताया। एक पक्ष ने मंच पर सम्मान न मिलने का आरोप लगाया, जबकि दूसरे पक्ष ने देशप्रेम से हटकर रचनाएं पढ़े जाने की आपत्ति उठाई। विवाद बढ़ने पर श्रोता मंच पर चढ़ गए। इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बनी और कार्यक्रम रोकना पड़ा। आरोप है कि कार्यक्रम में शामिल शायर अबू बकर जिया ने मारपीट, गाली-गलौज और रुपए छीनने की शिकायत पुलिस से की है। इसी बीच एक अन्य आरोप यह भी सामने आया कि मुशायरे में शामिल एकमात्र हिंदू शायर अपूर्व गौरव विक्रम शाह की ओर भीड़ की तरफ से अंडा फेंका गया, जिससे उनके कपड़े खराब हो गए। इसके बाद उन्हें मंच छोड़कर जाना पड़ा। थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि किसी शायर की रचना को लेकर विरोध शुरू हुआ था। दोनों पक्षों से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में सीसीटीवी फुटेज मंगाकर परीक्षण किया जा रहा है। घटना के समय रात करीब 1 बजे तक टीआई बीएल मंडलोई और एसडीओपी रोहित लखारे मौके पर मौजूद थे। अधिकारियों के वहां से जाने के बाद विवाद की स्थिति बनी। सुरक्षा के मद्देनजर इस बार श्रोताओं के लिए कुर्सियां नहीं लगाई गई थीं। पहले भी हो चुका है विवाद
करीब दो वर्ष पहले भी जमजम मार्केट में आयोजित ऑल इंडिया मुशायरे में विवाद हुआ था। उस समय दर्शकों के बीच कुर्सियां फेंके जाने की घटना सामने आई थी और स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। जांच जारी, कार्रवाई प्रक्रिया में
शहर कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *