सिविल लाइंस स्थित खालसा कॉलेज फॉर वुमन का 65 वार्षिक एथलेटिक मीट शनिवार को पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हो गया। समारोह की अध्यक्षता कॉलेज प्रबंधन समिति की सदस्या सरदारनी रविंदर कौर, मनमीत कौर ग्रेवाल और डॉ. कंवलप्रीत कौर ने की। पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स की प्रशासन निदेशक और पंजाब की उप खेल निदेशक गुरदीप कौर मुख्य अतिथि रहीं, जबकि लुधियाना के खेल अधिकारी कुलदीप चुग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत निदेशक डॉ. मुक्ति गिल, प्रिंसिपल डॉ. कमलजीत ग्रेवाल, स्टाफ और छात्राओं ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत सिख मार्शल आर्ट की टीम द्वारा जोशीले गतका प्रदर्शन से हुई। विज्ञान विभाग की ओर से भारतीय महिला वैज्ञानिकों के योगदान को समर्पित एक प्रेरक मार्च पास्ट निकाला गया, जिसमें भौतिकी, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर विज्ञान और गणित विभाग की छात्राओं ने भाग लिया। हाथों में महान भारतीय महिला वैज्ञानिकों के चित्र और प्रेरक संदेशों वाले प्लेकार्ड लिए छात्राओं ने वैज्ञानिक सोच, लैंगिक समानता और विज्ञान के क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। इसके बाद विभिन्न खेल स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले हुए, जिनमें सौ मीटर दौड़, दो सौ मीटर दौड़, रिले रेस और बाधा दौड़ शामिल रहीं। मुस्कान राठी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और कमला को सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया। वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए प्राचार्य ने बताया कि कॉलेज की खिलाड़ियों ने इस वर्ष विभिन्न प्रतियोगिताओं में 34 स्वर्ण, 36 रजत और 35 कांस्य पदक जीतकर संस्थान का नाम रोशन किया है। खेल अधिकारी कुलदीप चुग ने अपने संबोधन में जीवन में खेल संस्कृति और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। कॉलेज प्रबंधन समिति की ओर से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उनकी मेहनत के लिए दो लाख पच्चीस हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।


