मूंगफली बेचकर लौट रहा किसान देर रात से लापता:सड़क किनारे खड़ा मिला ट्रैक्टर; परिजनों से फोन पर बताया था कि कोई पीछा कर रहा है

पिछोर से मूंगफली बेचकर लौट रहा एक किसान शुक्रवार की देर रात रास्ते से ही लापता हो गया। किसान का ट्रैक्टर चंदेरी से कुछ दूर पांडरी गांव के पास सड़क किनारे खड़ा मिला। वहीं उसका दूसरा साथी ट्रॉली में सोते हुए मिला। पिछोर से लौटते समय किसान ने परिवार को फोन पर बताया था कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं। दरअसल जिले के चंदेरी क्षेत्र के जारसल गांव का रहने वाला पहलवान लोधी शुक्रवार को अपने घर से मूंगफली बेचने के लिए शिवपुरी जिले के पिछोर गया हुआ था। उसके साथ एक और व्यक्ति था। दोनों देर रात लौटकर अपने घर के लिए आ रहे थे। पहलवान का दूसरा साथी ट्रॉली में सो गया। ट्रैक्टर पर चलते समय देर रात पहलवान ने अपने परिवार के लोगों को फोन पर बताया कि एक बाइक एवं एक फोर व्हीलर से कुछ लोग पिछोर से ही उसका पीछा कर रहे हैं। मोबाइल फोन ट्रैक्टर के टूल बॉक्स में मिला
परिवार के लोगों ने तुरंत ही डायल हंड्रेड पर इस बारे में जानकारी दी तो पुलिस सक्रिय हो गई। साथ ही परिवार के लोग भी पिछोर रोड पर पहुंच गए। पिछोर रोड पर तलाश करते हुए आगे बढ़े। इसी दौरान पांडरी गांव के पास ट्रैक्टर मिला। उसका मोबाइल फोन ट्रैक्टर के टूल बॉक्स में रखा था। ₹1 लाख 25 हजार की मूंगफली बेची
पुलिस ने पिछोर नाका, मानपुर नाका, भौती, विक्रमपुर एवं राजघाट नाकाबंदी लगा दी। ट्रैक्टर रात करीब 10:30 बजे मिला। वहीं परिवार के लोगों का कहना है कि उसने लगभग ₹1 लाख 25 हजार की मूंगफली की फसल बेची थी। पिछोर में अधिक दाम मिलने की वजह से वह वहीं पर बेचने के लिए गया हुआ था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *