धमतरी| सुभाष नगर वार्ड के कांटा तालाब स्थित ओवरहेड टंकी से गिरने के कारण एक 17 वर्षीय युवती की दुखद मृत्यु हो गई। घायल अवस्था में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में अस्पताल चौकी प्रभारी सीआर पनागर ने घटना का पंचनामा किया। प्रारंभिक जांच और पूछताछ के आधार पर उन्होंने बताया था कि किशोरी किसी लड़के से गार्डन में मिलने गई थी, जहां 10 हजार रुपए के कर्ज को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, परिजनों ने इसे पूरी तरह खारिज किया। कहा कि न तो उसने किसी से 10 हजार रुपए कर्ज लिए थे और न ही प्रेम-प्रसंग जैसी कोई बात थी। पुलिस ने बिना किसी ठोस साक्ष्य के इस तरह जानकारी दी थी। कर्ज लेने की बात को लेकर परिवार में नाराजगी है। इधर, 2 मार्च को मृत किशोरी का पोस्टमार्टम किया गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया।


