मृतकों की ‘गारंटी’ पर ईरानी डेरे के 14 बदमाशों को जमानत मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इनकी जमानत रद्द कराने के लिए पुलिस कोर्ट पहुंच गई है। पुलिस ने कोर्ट में पेश की गई जमीन की बही व अन्य दस्तावेज तलब कर लिए हैं। कागजात मिलते ही जमानतदारों व इसमें शामिल लोगों पर धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी। एडीजे जयंत शर्मा की कोर्ट ने 5 व 6 जनवरी को 14 आरोपियों को जमानत दी थी। अधिवक्ता मोहम्मद नजर खान व मोहम्मद जफर ने जमील रहमान खान को जमानतदार बताया था। जमीन के कागजात भी दिए। बाद में खुलासा हुआ कि जमील की दो साल पहले मौत हो चुकी थी। कोर्ट में किसी अन्य को पेश किया गया। एक अन्य जमानदार महिला की भी मौत हो चुकी है।


