मेकाहारा में कल OPD बंद, इमरजेंसी सर्विस नहीं होगी प्रभावित:रायपुर सहित सात बड़े स्टेशनों पर बनाए गए अस्थाई हेल्थ पोस्ट, 7 मार्च तक 24 घंटे मिलेगी सर्विस

होली पर्व के दौरान यात्रियों और आम नागरिकों की बढ़ती आवाजाही व संभावित आपात स्थितियों को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और राजधानी रायपुर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों ने विशेष स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाएं की हैं। रेलवे स्टेशनों पर जहां अस्थायी प्रथम उपचार पोस्ट शुरू किए गए हैं। वहीं अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं को और मजबूत किया गया है। मेकाहारा में 4 मार्च को ओपीडी बंद रहेगी। लेकि इमरजेंसी सर्विस प्रभावित नहीं होगी। वहीं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने होली के मद्देनर 01 मार्च से 07 मार्च 2026 तक यात्रियों की सुविधा के लिए इतवारी, गोंदिया, उसलापुर, रायगढ़, शहडोल, रायपुर और दुर्ग रेलवे स्टेशनों पर अस्थायी प्रथम उपचार पोस्ट स्थापित की हैं। त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या में होने वाली बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए इन केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक चिकित्सा उपकरणों और प्रशिक्षित चिकित्सकीय स्टाफ की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अस्वस्थता, चोट या आकस्मिक स्थिति में यात्रियों को त्वरित प्राथमिक उपचार दिया जाएगा, जबकि गंभीर मामलों में नजदीकी रेलवे एवं सरकारी अस्पतालों से समन्वय कर तत्काल रेफरल की व्यवस्था की जाएगी। इधर, राजधानी के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में भी होली को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने चिकित्सकों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ सहित सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों को देखते हुए इमरजेंसी सेवाओं के निर्बाध संचालन पर विशेष जोर दिया गया है। होली के दिन 4 मार्च को शासकीय अवकाश के कारण अस्पताल की ओपीडी बंद रहेगी, लेकिन आपातकालीन सेवाएं पूर्व की तरह 24 घंटे चालू रहेंगी। इमरजेंसी विभाग में आने वाले मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी वार्डों में जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में रेफर करने के लिए अंबेडकर अस्पताल से डीकेएस अस्पताल तक एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध रहेगी। साथ ही अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित और सावधानीपूर्वक होली मनाने की अपील करते हुए किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अंबेडकर अस्पताल के इमरजेंसी विभाग से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *