मेघवाल समाज भवन में मंगलवार को समाज की बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान समाज के वरिष्ठ व युवाओं ने सामाजिक एकता, शिक्षा विकास व नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज के संगठन को मजबूत बनाना रहा। इस दौरान सर्वसम्मति से दीपाराम मेघवाल को परेऊ मेघवाल समाज का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उपस्थित समाज बंधुओं ने उनका साफा पहनाकर व पुष्पमाला से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समाज शिक्षा, सामाजिक सुधार व संगठनात्मक मजबूती की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगा। नवनियुक्त अध्यक्ष दीपाराम मेघवाल ने कहा कि समाज की प्रगति का मूल आधार शिक्षा है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे आज के युग में संतान को उच्च शिक्षा दिलाने में कोई कमी न रखें। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही अपने अधिकारों के प्रति जागरुक होकर विकास की राह पर आगे बढ़ सकता है। समाज के पुराने भवन पर आवश्यक कार्य कराने की सहमति जताई। बैठक में नशामुक्ति पर विशेष जोर दिया गया। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा परिवार व समाज दोनों को कमजोर करता है। विवाह व सामाजिक कार्यक्रमों में नशे के उपयोग पर रोक लगाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा समाज के उत्थान के लिए आपसी सहयोग, जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता, सामूहिक निर्णय प्रणाली को मजबूत करने तथा सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने जैसे प्रस्ताव भी पारित किए गए। बैठक में वक्ताओं ने एकजुटता को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही विकास संभव है। अंत में सभी ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाज के मौजीज लोग मौजूद रहे।


