मेडिकल ऑफिसर्स कांफ्रेंस में बीएसएल के चिकित्सकों का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन

सिटी रिपोर्टर | बोकारो दुर्गापुर में आयोजित 45वें अखिल भारतीय स्टील मेडिकल ऑफिसर्स कॉन्फ्रेंस में बीएसएल के चिकित्सकों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए। इस सम्मेलन में सेल की सभी इकाइयों सहित टाटा स्टील व देश के अन्य प्रमुख इस्पात संयंत्रों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बीएसएल के कुल 9 चिकित्सकों ने अधिशासी निदेशक डॉ. बीबी करुणामय के मार्गदर्शन तथा एआईएमएमओसी कमेटी के अध्यक्ष मुख्य महाप्रबंधक डॉ. आरके गौतम के नेतृत्व में अपनी प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए डॉ. तृप्ति चंद्रा ने टोटल क्वालिटी मैनेजमेंट श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, डॉ. रजनीश कुमार ने ओएचएस श्रेणी में औद्योगिक श्रमिकों पर कोलटार के प्रभावों पर अपनी प्रस्तुति के लिए बेस्ट स्पीकर का खिताब जीता। लांग पेपर श्रेणी में डॉ. दीप्ति प्रभा एक्का ने रेटिनल नर्व फाइबर लेयर पर तंबाकू के प्रभाव विषय पर द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा, डॉ. शमा परवीन च डॉ. आकाश कांत ने क्रमशः पीजी शॉर्ट पेपर और एमबीबीएस पेपर श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि मेडिक्विज प्रतियोगिता में डॉ. संतोष चौबे और डॉ. मोहित कुमार की जोड़ी भी तृतीय स्थान पर रही‌। इसमें मुख्य महाप्रबंधक डॉ. आनंद कुमार, डॉ. अनिंदो मंडल तथा डॉ. इंद्रनील चौधरी का महत्वपूर्ण तकनीकी मार्गदर्शन रहा। इस उपलब्धि पर एआईएसएमओसी पुरस्कार विजेताओं ने बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन से बुधवार को मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। निदेशक प्रभारी ने सभी विजयी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगामी सम्मेलनों में और भी बेहतर प्रदर्शन करने तथा चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर नवाचार के लिए प्रेरित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *