मेयर के विजय जुलूस में चक्कर खाकर गिरे पलामू सांसद:तेज धूप से बिगड़ी तबीयत, इलाज के बाद अस्पताल से मिली छुट्‌टी

पलामू सांसद बीडी राम की तबीयत शनिवार को मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित मेयर अरुणा शंकर के विजय जुलूस के दौरान अचानक बिगड़ गई। वे खुले वाहन में शहर का भ्रमण करते हुए चक्कर खाकर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। सांसद बीडी राम खुली गाड़ी में अपनी बेटी स्मिता, विधायक आलोक चौरसिया और मेयर अरुणा शंकर के साथ विजय जुलूस में शामिल थे। यह जुलूस दोपहर करीब 12 बजे मेयर आवास से बाजे-गाजे के साथ निकला था, जो नावाटोली से सद्दीक मंजिल चौक होते हुए मुख्य बाजार पहुंचा। जुलूस जब धर्मशाला रोड पहुंचा, तो सांसद गाड़ी में ही चक्कर खाकर गिर पड़े। इस घटना से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें संभाला और डॉ. राहुल अग्रवाल के अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया और कुछ देर बाद छुट्टी दे दी। सांसद बीडी राम अपने शांतिपुरी आवास लौट गए हैं। उन्होंने मिलने आए लोगों को बताया कि तेज धूप के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उनके अस्वस्थ होने की सूचना पर बड़ी संख्या में भाजपा नेता और समर्थक अस्पताल पहुंचे थे। उल्लेखनीय है कि बीडी राम वर्ष 2014 से लगातार तीसरी बार पलामू से सांसद हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *