मेयर, पार्षदों ने भाजपा नेता के खिलाफ शिकायत की:चिरमिरी में माइंस समर्थन पर पैसे लेने के आरोप में FIR की मांग

चिरमिरी में अंजन हिल माइंस खोलने के समर्थन को लेकर विवाद गहरा गया है। नगर निगम के मेयर राम नरेश राय और पार्षदों ने भाजपा नेता प्रदीप सलूजा के खिलाफ पौड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सलूजा पर सोशल मीडिया पर पैसे लेकर माइंस का समर्थन करने का आरोप लगाने का आरोप लगाया है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, भाजपा नेता प्रदीप सलूजा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाया था कि पार्षदों ने अंजन हिल माइंस खुलने के बदले पैसे लेकर आंख बंद करके समर्थन में हस्ताक्षर किए हैं। इस पोस्ट के बाद मेयर और पार्षदों में भारी नाराजगी देखी गई। बताया गया कि 5 फरवरी को चिरमिरी के भूकभुकी क्षेत्र में अंजन हिल माइंस के लिए लोक सुनवाई आयोजित की गई थी। इस दौरान मेयर राम नरेश राय सहित कई पार्षदों ने माइंस खोलने के समर्थन में अपनी बात रखी और हस्ताक्षर किए थे। मेयर और पार्षदों ने भाजपा नेता के आरोपों को उन्हें बदनाम करने की साजिश बताया है। माइंस खुलने का समर्थन पार्षदों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अंजन हिल माइंस खुलने का समर्थन इसलिए किया है, क्योंकि इससे चिरमिरी से पलायन कम होगा, क्षेत्र में व्यापार बढ़ेगा और समग्र विकास होगा। वे जनप्रतिनिधि के तौर पर क्षेत्र के हित में यह कदम उठा रहे हैं। कार्रवाई की मांग शुक्रवार देर शाम मेयर और पार्षदों ने थाना प्रभारी विवेक पाटले को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि प्रदीप सलूजा के आरोपों से उनकी सार्वजनिक छवि धूमिल हुई है। उन्होंने मांग की है कि भाजपा नेता के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। पौड़ी थाना प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदीप सलूजा को नोटिस जारी कर उनका पक्ष जानने के लिए थाने बुलाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *