मेयर प्रत्याशी फूल देवी को मिला झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का समर्थन

भास्कर न्यूज | गिरिडीह नगर निगम आम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।रविवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने बैठक आयोजित कर मेयर प्रत्याशी फूल देवी को समर्थन देने की औपचारिक घोषणा की। जेएलकेएम के नेता, कार्यकर्ता तथा मेयर प्रत्याशी फूल देवी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।मेयर प्रत्याशी फूल देवी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में कई बुनियादी समस्याएं हैं, जिनका समाधान अब तक नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो वे नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड की समीक्षा करेंगी और वहां की समस्याओं से सीधे रूबरू होकर उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करेंगी। फूल देवी ने कहा कि वे जनसेवा के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरी हैं और जनता का विश्वास जीतने का हरसंभव प्रयास करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन मिला तो वे लोगों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरेंगी।झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय प्रभारी राजदेश रत्न एवं केंद्रीय संयुक्त सचिव नागेंद्र चंद्रवंशी ने संयुक्त रूप से कहा कि फूल देवी एक कर्मठ, ईमानदार और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाली महिला हैं। उन्होंने कहा कि जेएलकेएम पार्टी फूल देवी के साथ मजबूती से खड़ी है और पूरी ताकत के साथ उनके चुनाव अभियान में सहयोग कर रही है।पार्टी नेताओं ने दावा किया कि नगर निगम चुनाव में फूल देवी की स्थिति काफी मजबूत है और वे जीत के बहुत करीब हैं। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है और चुनाव परिणाम आने के बाद जीत की खुशी भी मनाई जाएगी। जेएलकेएम के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने एकजुट होकर फूल देवी के पक्ष में प्रचार-प्रसार तेज करने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *