बुधवार को नर्मदापुरम में मेहर गढ़वाल समाज कल्याण परिषद का 25वां रजत जयंती युवक-युवती परिचय सम्मेलन हुआ। दोपहर एक बजे से शहर के अग्निहोत्री गार्डन में कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच से खड़े होकर अपना परिचय दिया। कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक से बने डिस्पोजल का उपयोग को रोकने के लिए समाज के दयाराम मेहरा ने “अपना बर्तन बैंक” की शुरुआत की। इसमें मेहर गढ़वाल समाज और अन्य समाज के लोगों को मांगलिक धार्मिक कार्यक्रमों के लिए बर्तन बैंक से निशुल्क बर्तन दिए जाएंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक विजयपाल सिंह राजपूत ने पर्यावरण संरक्षण के लिए “अपना बर्तन बैंक” का लोकार्पण किया। वहीं प्रांतीय अध्यक्ष जीपी मेहरा, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार हाथिया, कोषाध्यक्ष परसराम बतोसिया समेत अन्य पदाधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में समाज का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।


