अजमेर में ऑनलाइन फ्रॉड की वारदात लगातार बढ़ रही है। एक बार फिर साइबर ठगों ने बुजुर्ग को कॉल कर परिचित होने का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। ठगों के द्वारा पीड़ित बुजुर्ग को पेमेंट के फर्जी मैसेज भेज कर 1 लाख अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए ट्रांसफर करवा दिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत अलवर गेट थाने में दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अलवर गेट थाना पुलिस के अनुसार शिवनगर बिहारीगंज निवासी रामगोपाल शर्मा की ओर से मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पीड़ित ने शिकायत देकर बताया कि उसे एक मोबाइल नंबर से अज्ञात व्यक्ति ने कॉल किया था। कॉलर ने कहा कि मैं आपका सर बोल रहा हूं.. मैं बीमार हूं और अस्पताल में भर्ती हूं… मैं कुछ रुपए आपके खाते में भेज रहा हूं..मेरे से यह पेमेंट नहीं हो रहा है, आप मेरी मदद करें। पीड़ित ने बताया कि फिर उसे मैसेज से 45 और 50 हजार का टैक्स मैसेज भेजा गया। मैसेज देखकर उन्होंने कॉलर द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर चार बार में अलग-अलग ट्रांजैक्शंस एक लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। जब दूसरे दिन उन्होंने अपना बैलेंस चेक किया तो अकाउंट से पैसे गायब थे। कॉलर को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद आ रहा था। अलवर गेट थाना पुलिस पीड़ित की शिकायत पर जांच में जुटी है।


