लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सोमवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। यहां उन्होेंने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि बिहार का मुख्यमंत्री चेहरा चुनाव में और नतीजों के बाद नीतिश कुमार ही रहेंगे। पासवान रायपुर में एक प्राइवेट इवेंट में शामिल होने पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर उनकी पार्टी के नेताओं ने स्वागत किया। यहां मीडिया से चर्चा में चिराग ने कहा- आने वाले दिनों में मैं छत्तीसगढ़ निरंतर आउंगा। हम यहां धीरे-धीरे संगठन भी मजबूत कर रहे हैं। हाल फिलहाल के दिनों में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के कई नेता यहां पर आए हैं, उन्होंने संगठन की समीक्षा करने का काम किया और आने वाले दिनों में हमारी इच्छा है पार्टी का विस्तार हम लोग छत्तीसगढ़ में भी करें। धीरे-धीरे पार्टी एक्सटेंशन मोड में है। पासवान बोले- धीरे-धीरे अलग-अलग राज्यों में पार्टी का विस्तार कर रहे हैं बिहार से निकलकर । नागालैंड में दो विधायक हैं, झारखंड में इस बार चुनाव हुआ जीते वहां पर हमारे विधायक हैं। आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश पंजाब छत्तीसगढ़ यह ऐसे राज्य हैं जहां पर पार्टी का मजबूती से विस्तार हो सके इस सोच के साथ काम करेंगे।
क्या खुद चुनाव लड़ेंगे ?
मीडिया के इस सवाल पर चिराग ने कहा- यह बात मैंने कही है कि मैं बहुत लंबे समय तक अपने आप को केंद्र की राजनीति में नहीं देखता हूं। मेरा राजनीति में आने का कारण ही बिहार और बिहारी लोग रहे हैं। ऐसे में मेरी इच्छा है कि मैं जिस सोच के साथ राजनीति में आया हूं मेरा अपना विजन है बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट, ऐसे में मैं चाहता हूं कि मेरा राज्य बिहार विकसित राज्य की श्रेणी में बराबरी पर आकर खड़ा हो । पासवान ने आगे कहा- तीसरी बार का सांसद बनने के बाद मुझे एहसास हो रहा है कि दिल्ली में रहकर संभव नहीं है। ऐसे में यह इच्छा मैंने पार्टी के समक्ष रखी थी कि अब मैं जल्द बिहार वापस जाना चाहता हूं, ऐसे में अगर पार्टी चाहेगी तब ये होगा और जब मैं यह कहता हूं कि पार्टी चाहेगी तो आप लोग पूछेंगे आपकी पार्टी है आप चाहेंगे तो कौन रोकेगा । पर जब मैं कहता हूं कि पार्टी चाहेगी तो इसका मतलब यह है कि पार्टी तय कर रही है कि इसका असर क्या होगा। पासवान ने भाजपा का उदाहरण देते हुए कहा- क्या मेरे चुनाव अभी लड़ने से पार्टी को फायदा होगा हम ये देख रहे हैं, कई बार जब राष्ट्रीय स्तर के नेता प्रदेश का चुनाव लड़ते हैं तो चुनाव में भी आपको मजबूती मिलती है । भारतीय जनता पार्टी ने कई बार इसको प्रयोग किया है जब उन्होंने सांसद को चुनाव में उतारा है तो विधानसभा के चुनाव में फायदा हुआ है । भाजपा को तो यह होता है अगर मेरे चुनाव लड़ने से मेरी पार्टी को मजबूती मिलती है और अगर मेरा स्ट्राइक रेट बेहतर होता है तो हम ये करेंगे। लोकसभा में हंड्रेड परसेंट स्ट्राइक रेट रहा विधानसभा में भी जितनी सीटों पर लड़ूं तो मेरा स्ट्राइक रेट बेहतर हो तो हम ये करेंगे। लग रहा है कि इससे अच्छा असर होगा तो मैं जरूर चुनाव लडूंगा। CM नीतिश ही रहेंगे
बिहार में अगला CM कौन होगा इस चर्चा का जवाब चिराग ने पूरी तरह से साफ किया है, उन्होंने रायपुर में कहा- मुख्यमंत्री पद की बिहार कोई वैकेंसी नहीं है, बिहार विधानसभा चुनाव में रिजल्ट के बाद जो मौजूदा मुख्यमंत्री हैं चुनाव परिणाम के बाद भी मुख्यमंत्री वही बनेंगे। बिहार में लोजपा चिराग को उतारने की तैयारी में
चिराग को बिहार विधानसभा चुनाव में उतारने की लोजपा रामविलास पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चिराग पासवान सुरक्षित सीट के बजाए सामान्य सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। सीटों के चयन को लेकर पार्टी मंथन करने में जुटी है। वहीं, प्रशांत किशोर ने चिराग के विधानसभा चुनाव लड़ने के फैसले स्वागत करते हुए कहा,’वे जाति-धर्म की राजनीति नहीं करते, अगर वे राज्य की राजनीति में सक्रिय होते हैं तो यह बिहार के लिए अच्छी बात’ है। खबर है कि चिराग पासवान बिहार विधानसभा का चुनाव नीतीश कुमार के अगुआई में लड़ेंगे और NDA की मजबूती के लिए साथ प्रचार करेंगे। तो कब है बिहार में चुनाव ?
इस साल के आखिर में बिहार विधानसभा का चुनाव होना है। सूत्रों की माने तो बिहार में चुनाव 3 चरण में हो सकते हैं। माना जा रहा है कि वोटिंग की डेट में दिवाली और छठ पर्व का ध्यान रखा जाएगा। 2020 का विधानसभा चुनाव 3 फेज में हुआ था। चुनाव आयोग की टीम इसी महीने बिहार जाएगी। हालांकि, अभी तारीख अभी तय नहीं है। नीतीश कुमार का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 तक है। ऐसे में संभावना है कि सितंबर से अक्टूबर के बीच आचार संहिता लग जाएगी। माना ये भी जा रहा है कि सितंबर के आखिरी हफ्ते से चुनाव की शुरुआत हो सकती है, जो पूरे अक्टूबर तक चलेगी। अक्टूबर में तीन बड़े त्योहार हैं, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि चुनाव तीन चरणों में कराए जा सकते हैं। नवंबर के पहले हफ्ते में नतीजे आ सकते हैं।


