भास्कर न्यूज| सरायकेला समाहरणालय सभागार मे उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला की अध्यक्षता में आगामी माध्यमिक व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों के चयन को लेकर बैठक की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने बच्चों के परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की सहूलियत व उचित यातायात की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों का चयन करने तथा सभी परीक्षा केंद्र पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। परीक्षा केंद्र चयन के क्रम में समिति सदस्यों के साथ बिंदुवार चर्चा करते हुए उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को ऐसे केंद्र जिनकी दूरी अधिक है उनमें सुधार करनें तथा क्षेत्रीय पदाधिकारी के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की सूची तैयारी करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में कुल 17249 छात्र माध्यमिक की परीक्षा में शामिल होंगे। जिसके लिए जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्रों का चयन किया गया है। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल 12189 विद्यार्थी शामिल होंगे। जिसके लिए कुल 38 परीक्षा केंद्रों का चयन किया गया है।बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय गुप्ता, जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।


