छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव आज से शुरू हो रहा है। महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी को दोपहर 2.30 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। महोत्सव में भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी, बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर और सहित कई नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह महोत्सव तीन दिन तक चलेगा। मैनपाट के रोपाखार जलाशय के पास महोत्सव स्थल की तैयारी पूरी हो गई है। इस साल महोत्सव में एडवेंचर गेम्स, बोटिंग, झूले, भव्य मेला और दंगल जैसे आकर्षक कार्यक्रम होंगे। मैनपाट महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम अध्यक्ष और प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज विशिष्ट अतिथि होंगे। तीनों दिन सजेगी सितारों से सजेगी शाम
तीन दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक महाकुंभ में लोक गीत और आधुनिक संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। पहले दिन 13 फरवरी को भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी अपनी गायकी से दर्शकों का उत्साह बढ़ाएंगे। साथ ही, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा का प्रसिद्ध छऊ नृत्य लोक संस्कृति की छटा बिखेरेंगे। दूसरे दिन 14 फरवरी को छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर और ’इंडियन आइडल’ फेम वैशाली रायकवार अपनी सुरीली आवाज से शाम को यादगार बनाएंगी। वहीं समापन दिवस 15 फरवरी को महोत्सव का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर होंगी। इसके साथ ही रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। साहसिक खेल और स्थानीय जायका
मैनपाट महोत्सव 2026 के लिए राज्य सरकार ने 50 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। मैनपाट महोत्सव में एडवेंचर एक्टिविटी में पर्यटकों के लिए बोटिंग, साहसिक खेल और पारंपरिक दंगल का आयोजन किया जाएगा। फूड ज़ोन में सरगुजा के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ विभिन्न लजीज पकवानों का आनंद लिया जा सकेगा। छत्तीसगढ़ का शिमला ‘मैनपाट’ के प्रमुख आकर्षण
अंबिकापुर मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर स्थित मैनपाट समुद्र तल से 3,781 फीट की ऊंचाई पर बस हिल स्टेशन है। यहाँ के प्रमुख आकर्षणों में बौद्ध मंदिर, टाइगर पॉइंट, मेहता पॉइंट, मछली पॉइंट, और अनोखा जलजली शामिल हैं। यह स्थान तिब्बती संस्कृति, टाऊ की खेती और अद्भुत प्राकृतिक नजारों के लिए प्रसिद्ध है। स्थानीय प्रतिभाओं को भी मिलेगा मंच
जिला प्रशासन द्वारा मंच पर नामी कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय स्कूली बच्चों और क्षेत्रीय कलाकारों को भी प्राथमिकता दी गई है, ताकि सरगुजा के प्रतिभाओं को उचित मंच मिल और स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन भी हो सके। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दौरा कार्यक्रम
1.00 बजे- पुलिस लाइन ग्राउंड रायपुर से प्रस्थान- हेलीकाप्टर द्वारा
2.10 बजे- हेलीपैड कैंप नं.1 मैनपाट आगमन
2.25 बजे- रोपाखार जलाशय, मैनपाट आगमन
2.45 बजे- मैनपाट महोत्सव 2026 का शुभारंभ करेंगे।
3.52 बजे- रोपाखार जलाशय से प्रस्थान
3.57 बजे- हेलीपैड कैंप नं.1 मैनपाट आगमन
4.02 बजे- हेलीपैड कैंप नं.1 मैनपाट से रायपुर प्रस्थान


