भास्कर न्यूज | जालंधर महानगर के बस्ती बावा खेल क्षेत्र स्थित लेदर कॉम्प्लेक्स की एक जूता फैक्ट्री में पैसों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। फैक्ट्री के ही मैनेजर और अकाउंटेंट ने मिलकर कर्मचारियों के वेतन और बोनस के पैसों में बड़ी हेराफेरी कर डाली। पुलिस ने आरोपी मैनेजर किरपाल सिंह और अकाउंटेंट श्रीनाथ सहोता के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब शू वैरायटी प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने फैक्ट्री मालिक पुष्पराज से बीते कई वर्षों से बोनस और पूरी सैलरी न मिलने को लेकर शिकायत की। इस पर जब मालिक ने साल 2022 से कंपनी के खातों और वित्तीय रिकॉर्ड का ऑडिट करवाया तो पूरे मामले में खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि मैनेजर किरपाल सिंह और अकाउंटेंट श्रीनाथ ने कंपनी के 70 लाख 78 हजार 778 रुपए का गबन किया है। दोनों ने कर्मचारियों को भुगतान करने के बजाय, यह पैसा चालाकी से 16 अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया। फैक्ट्री मालिक पुष्पराज की शिकायत और शुरुआती जांच के बाद, बस्ती बावा खेल थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(4), 318(4) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब उन 16 बैंक खातों की जानकारी जुटाने में लगी है, जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे।


