राज्य सरकार के प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह का आगाज गुरुवार को रन फॉर विकसित राजस्थान कार्यक्रम के साथ हुआ। मैराथन एवं फन रन के आयोजन में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों से लेकर आमजन ने उत्साह पूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य का संदेश दिया। जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने यातायात चौराहा से मैराथन एवं फन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन दौड़ यातायात चौराहा से मल्टीपर्पज चौराहा, द बाग होटल से वापस मल्टीपर्पज चौराहा, यातायात चौराहा से बिजलीघर, मथुरा गेट, चौबुर्जा होते हुए लक्ष्मण मंदिर से वापस इसी मार्ग से यातायात चौराहे पर सम्पन्न हुई। मैराथन के प्रथम विजेता कैलाश को 11 हजार रुपए, द्वितीय स्थान पर रहे धीरज को 5100 रुपए तथा तृतीय स्थान पर रहे अजय सिंह रहे को 2100 रुपए का पुरस्कार दिया गया। महिला वर्ग में नीरू वर्मा को प्रथम स्थान आने पर 2100 रुपए व कामिनी को द्वितीय आने पर 1100 रुपए का पुरस्कार दिया गया। मैराथन जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त कलेक्टर शहर राहुल सैनी, अधिशाषी अभियंता नगर निगम बहादुर सिंह सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लेकर पूरी की। दस किलोमीटर की दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को नगर निगम की ओर से मेडल प्रदान दिए गए। इस दौरान सभी का आभार व्यक्त किया गया। फन रन में अफसर और स्टूडेंट्स शामिल हुए। फन रन यातायात चौराहा से बिजलीघर, मथुरा गेट, चौबुर्जा होते हुए लक्ष्मण मंदिर से वापस इसी मार्ग से यातायात चौराहे पर सम्पन्न हुई। इसमें अतिरिक्त कलेक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, उपखण्ड अधिकारी राजीव शर्मा सहित बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं पुलिस लाइन व आरएसी के जवान, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, एनसीसी तथा स्काउट के विद्यार्थी, खेल संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि व नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए शहर में इस तरह के आयोजन समय समय पर करवाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मधु भार्गव, जिला शिक्षा अधिकारी आरडी बंसल, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक विजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान स्वास्थ्य के प्रति दौड़ का फायदा बताया गया। शहर में इस तरह के कार्यक्रम होना चाहिए।


