मैहर जिले के अमरपाटन में रहने वाले 2 फर्जी पत्रकारों को शहडोल में 5-5 साल की सजा सुनाई गई है। इन पर धमका कर लूटने का आरोप था। शहडोल के ब्यौहारी में आरोपियों द्वारा किये गए अपराध पर 5 साल बाद ये फैसला आया है। ब्यौहारी निवासी तुलसीराम पटेल ने 28 नवंबर 2019 को थाने में दो व्यक्तियों के खिलाफ फर्जी पत्रकार बनकर धमकाने एवं 8 हजार रुपए लूटने का आवेदन दिया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी राकेश कुमार पटेल एवं लवनीश कुमार पांडेय मैहर जिले के अमरपाटन के रहने वाले हैं और फर्जी पत्रकार बनकर फरियादी से लूट की। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। इसके बाद उन्हें जमानत मिल गई। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश ने अभियोजन के तर्क से सहमत होकर आरोपी राकेश कुमार पटेल और आरोपी लवनीश कुमार पाण्डेय को दोषी पाया। लिहाजा दोनों को 5 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 3 हजार रुपए का अर्थदंड से दंडित किया।


