मैहर सिविल अस्पताल समेत अमदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में 40 से अधिक लोगों ने रक्तदान किया। जिला स्वास्थ्य समित की ओर से आयोजित शिविर का उद्घाटन विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने सिविल अस्पताल मैहर में किया। विधायक ने युवाओं को रक्तदान का महत्व समझते हुए अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील भी की। इस अवसर पर डॉक्टर्स की टीम और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा। शिविर की शुरुआत पीयूष चतुर्वेदी ने रक्तदान कर की। रक्तदाताओं में विधायक के गनमैन अजय सिंह सुखीलाल अहिरवार, रोहित पटेल, मयंक अग्रवाल, मोहम्मद इरफान समेत 40 लोग शामिल हुए। सिविल अस्पताल मैहर के प्रभारी डॉक्टर वीके गौतम ने बताया कि इस तरह के शिविर जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भी लगाए जाएंगे। डॉक्टर गौतम ने बताया कि अस्पताल में रक्त की कमी है। उन्होंने युवा पीढ़ी से रक्तदान कर मानवता की सेवा करने की अपील की है।


