मैहर में मां शारदा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले 9 दलालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। मैहर महाकुंभ के दौरान प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर कुछ होटल संचालक और दलाल श्रद्धालुओं से अवैध वसूली कर रहे थे। ये लोग होटल में कमरा दिलाने और वीआईपी दर्शन के नाम पर यात्रियों से अधिक पैसे वसूल रहे थे। मामला तब सामने आया जब रायपुर से आए एक श्रद्धालु ने अपर कलेक्टर को शिकायत की। श्रद्धालु ने बताया कि एक व्यक्ति ने भीड़ की वजह से सभी होटल फुल होने का बहाना बनाकर मैहर वार्ड क्रमांक 1 उदयपुर में होटल में कमरा दिलाने के नाम पर 3,500 रुपए ले लिए। इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
कलेक्टर रानी बाटड ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने होटल शिव विराज को सील कर दिया। इस मामले में शिव पांडे, लव पटेल, मनोज बेलदार, विपिन चौधरी, मोहम्मद इरफान, राकेश पटेल, अनुज सोनकिया, शिवम रजक और रियाज मोहम्मद के खिलाफ धारा 170, 126(3), 135(2) BNSS के तहत कार्रवाई की गई है।


