मध्य प्रदेश के अमरपाटन में स्वर्गीय कैप्टन लाल प्रताप सिंह स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट का रविवार को शुभारंभ हुआ। स्वर्गीय कप्तान लाल प्रताप सिंह स्टेडियम में आयोजित इस 6 दिवसीय टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें अपना दमखम दिखाएंगी। उद्घाटन दिवस पर खेले गए रोमांचक मुकाबलों में सतना और अमरपाटन की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। पहले मैच में सोल्जर सतना और मदन महल क्लब भोपाल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जो पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा। इसमें सतना की टीम ने 3 गोल से जीत हासिल की। दूसरे मैच में मेजबान प्रताप क्लब अमरपाटन ने डीएफए रीवा को 3-0 से पराजित किया। टूर्नामेंट का समापन 18 जनवरी को फाइनल मैच के साथ होगा। उद्घाटन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एकेएस यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर अनंत सोनी और अमरपाटन विधायक डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने स्वर्गीय कप्तान लाल के चित्र पर माल्यार्पण किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया।


