जशपुर पुलिस ने होली पर्व से पहले नशे के कारोबार पर कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस ने कुल 43 किलो से अधिक गांजा जब्त किया और पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना कुनकुरी पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक मॉडिफाइड नई बोलेरो से 18.4 किलो गांजा बरामद किया। इस गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपए है। पुलिस ने इस मामले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त बोलेरो की कीमत लगभग 14 लाख रुपए बताई गई है। इसी क्रम में, सिटी कोतवाली जशपुर ने भी एक अलग कार्रवाई में 24.840 किलो गांजा जब्त किया। यह गांजा एक किराए के मकान में डंप किया गया था, जिसकी कीमत 12.42 लाख रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को पकड़ा गया है। मामले का खुलासा करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, ओडिशा से गांजा की एक बड़ी खेप मध्यप्रदेश पासिंग बोलेरो वाहन से जशपुर होते हुए सिंगरौली (मध्यप्रदेश) ले जाई जानी थी। इस सूचना पर थाना कुनकुरी को विशेष सतर्कता बरतने और क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों की कड़ी जांच के निर्देश दिए गए। बीती रात चेकिंग के दौरान वाहन क्रमांक एम.पी. 66 जेड.एच. 6806 संदिग्ध हालत में कुनकुरी क्षेत्र में प्रवेश करता मिला। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक और सवार व्यक्तियों से पूछताछ की। तलाशी के दौरान बोलेरो के निचले हिस्से में विशेष रूप से मॉडिफाई कर बनाए गए गुप्त चेंबर को खोला गया, जिसमें 18.4 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, वाहन, घटना में इस्तेमाल हुए मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। तीनों आरोपी मध्यप्रदेश के सिंगरौली के हैं। इनमें – गोलारमन यादव (61 वर्ष), निवासी खंधौली, थाना जियामन, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश – शिवराम यादव (26 वर्ष), निवासी बेलाहवा, थाना चितरंगी, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश – रामेश्वर यादव (30 वर्ष), निवासी खंधौली, थाना जियामन, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा उन्हें ओडिशा में रहने वाले उनके करीबी रिश्तेदार (साला) ने दिया था। इस रिश्तेदार को भी आरोपी बनाया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है ताकि तस्करी के नेटवर्क का पता चल सके। सिटी कोतवाली की बड़ी कार्रवाई सिटी कोतवाली जशपुर ने 28 फरवरी 2026 को किराए के घर में छुपाकर रखे गए 24.840 किलो गांजा (कीमत 12.42 लाख रुपये) के साथ दो आरोपियों सुनील भगत उर्फ गोविंदा और रवि विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा, पुलिस ने कुनकुरी क्षेत्र में बोलेरो वाहन से 18.4 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही, सिटी कोतवाली जशपुर ने भी 24.840 किलो गांजा जब्त किया है। नशे के खिलाफ हमारी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। हम नशे के कारोबार में शामिल किसी को भी नहीं छोड़ेंगे।


