मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:मंदिर-मस्जिद विवाद में सर्वे और फैसले पर सुप्रीम कोर्ट की रोक; गुकेश शतरंज के वर्ल्ड चैंपियन; दिल्ली सरकार महिलाओं को ₹1000 देगी

नमस्कार, कल की बड़ी खबर मंदिर-मस्जिद विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले की रही। दो खबरें दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़ी रहीं। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. मंदिर-मस्जिद विवाद में सर्वे, नई याचिका और फैसले पर रोक; SC ने केंद्र से 4 हफ्ते में जवाब मांगा
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि देश में मंदिर-मस्जिद विवाद पर निचली अदालतें कोई फैसला ना दें और न ही सर्वे के आदेश जारी करें। कोर्ट ने ऐसे नए केस दाखिल करने पर भी रोक लगा दी है। चीफ जस्टिस संजीव खन्ना की अगुआई वाली बेंच ने प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट, 1991 पर दाखिल याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया। साथ ही केंद्र से 4 हफ्ते में जवाब मांगा। पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. दिल्ली सरकार महिलाओं को हर महीने ₹1000 देगी, केजरीवाल का ऐलान- चुनाव बाद ₹2100 देंगे
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले AAP सरकार ने 18 साल और इससे ज्यादा उम्र की महिलाओं को हर महीने ₹1000 रुपए देने का ऐलान किया है। दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने ‘महिला सम्मान योजना’ लॉन्च की। उन्होंने कहा कि चुनाव बाद ये रकम बढ़ाकर ₹2100 कर दी जाएगी। AAP अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी: दिल्ली में फरवरी 2025 में विधानसभा चुनाव होने हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने अब तक 31 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. दिल्ली चुनाव, कांग्रेस की पहली लिस्ट में 21 नाम; केजरीवाल के खिलाफ लड़ेंगे संदीप दीक्षित
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 21 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। नई दिल्ली सीट से AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ संदीप दीक्षित को टिकट दिया गया है। हालांकि AAP ने इस सीट पर केजरीवाल के नाम की घोषणा नहीं की है। प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव को बादली से, पूर्व मंत्री हारून यूसुफ को बल्लीमारान और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार को पटपड़गंज से टिकट मिला है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. दावा- वन नेशन-वन इलेक्शन बिल कैबिनेट से मंजूर; अगले हफ्ते संसद में पेश हो सकता है
केंद्रीय कैबिनेट ने वन नेशन-वन इलेक्शन बिल को मंजूरी दी है। सूत्रों के मुताबिक, इसे अगले हफ्ते संसद में पेश किया जा सकता है। इसके बाद बिल चर्चा के लिए जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी (JPC) के पास भेजा जाएगा, ताकि इस पर आम सहमति बन सके। बिल में लोकसभा, राज्य विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों को एक साथ कराने का प्रस्ताव है। ये पास हुआ तो 2029 तक देशभर में एक साथ चुनाव होंगे। क्या ये देश में पहली बार होगा: नहीं, आजादी के बाद 1952, 1957, 1962 और 1967 में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हुए थे, लेकिन 1968 और 1969 में कई विधानसभाएं समय से पहले ही भंग कर दी गईं। इसके बाद 1970 में लोकसभा भी भंग कर दी गई। इस वजह से एक देश-एक चुनाव की परंपरा टूट गई। विपक्ष ने बिल का विरोध किया: पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने कहा, ‘हमारे सांसद इस क्रूर कानून का पूरी ताकत से विरोध करेंगे, बंगाल कभी भी दिल्ली की तानाशाही सनक के आगे नहीं झुकेगा।’ वहीं सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा, ‘एक देश- एक चुनाव’ लोकतंत्र के खिलाफ बहुत बड़ा षड्यंत्र है। सत्ता पक्ष एक साथ पूरे देश पर कब्जा करना चाहता है।’
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. 18 साल के गुकेश शतरंज के सबसे युवा वर्ल्ड चैंपियन, चीनी खिलाड़ी को 14वें गेम में हराया भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश वर्ल्ड चेस चैंपियन बने हैं। 18 साल के गुकेश ये कारनामा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने चीन के डिफेंडिंग चैंपियन डिंग लिरेन को 7.5-6.5 से 14वें गेम में हराया। गुकेश वर्ल्ड चैंपियन बनने वाले दूसरे भारतीय प्लेयर हैं। 2012 में विश्वनाथन आनंद चेस चैंपियन बने थे। कौन हैं डी गुकेश: ​​​​​गुकेश डी का पूरा नाम डोम्माराजू गुकेश है। गुकेश का जन्म चेन्नई में 7 मई 2006 को हुआ था। उन्होंने 7 साल की उम्र में ही शतरंज खेलना शुरू कर दिया था। उन्हें शुरू में भास्कर नागैया ने कोचिंग दी थी। नागैया इंटरनेशनल चेस खिलाड़ी रहे हैं और चेन्नई में चेस के होम ट्यूटर हैं। इसके बाद विश्वनाथन आनंद ने गुकेश को कोचिंग दी।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. विदेशी फंडिंग केस में NIA ने मुफ्ती को हिरासत में लिया, भीड़ ने छुड़ाया; झांसी की घटना यूपी के झांसी में एक मुफ्ती को भीड़ ने नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की कस्टडी से छु़ड़ा लिया। NIA ने यूपी ATS के साथ विदेशी फंडिंग मामले में मुफ्ती के घर छापा मारा। 8 घंटे की तलाशी और पूछताछ के बाद खालिद नदवी को हिरासत में लिया, लेकिन मुफ्ती के 200 से ज्यादा समर्थकों ने टीम को घेर लिया। इनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। हिरासत से छुड़ाकर भीड़ मुफ्ती को फातिमा मस्जिद में ले गई।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. AI इंजीनियर सुसाइड केस- बेंगलुरु में कैंडिल मार्च; कर्नाटक पुलिस जौनपुर पहुंची AI इंजीनियर अतुल सुभाष की खुदकुशी के विरोध में बेंगलुरु के इंजीनियर्स ने प्रदर्शन किया। यहां के मराठहल्ली इलाके में कैंडिल मार्च निकाला। इनका कहना था कि महिलाओं के उत्पीड़न को रोकने के लिए कानून हैं, जबकि पुरुषों के लिए ऐसा कानून नहीं है। उधर जांच के लिए बेंगलुरु पुलिस उत्तर प्रदेश के जौनपुर पहुंच गई है। जौनपुर में अतुल की पत्नी निकिता का घर है। क्या है सुसाइड केस: AI इंजीनियर अतुल सुभाष ने पत्नी और सास पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए 9 दिसंबर को सुसाइड किया था। बेंगलुरु में उसकी पत्नी और सास समेत 4 लोगों पर 11 दिसंबर को FIR हुई। बेंगलुरु पुलिस शुक्रवार सुबह अतुल की ससुराल जाएगी। अतुल की सास और साला पहले ही घर छोड़कर भाग गए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 8. नवंबर में रिटेल महंगाई घटकर 5.48% पर आई; अक्टूबर में ये 14 महीने के उच्चतम स्तर पर थी
नवंबर महीने में रिटेल महंगाई घटकर 5.48% पर आ गई है। यह पिछले महीने से 0.73% कम है। अक्टूबर में खाने-पीने की चीजें महंगी होने से रिटेल महंगाई 6.21% पर पहुंच गई थी। यह 14 महीने में सबसे ज्यादा था। महंगाई के बास्केट में लगभग 50% योगदान खाने-पीने की चीजों का होता है। महंगाई कैसे बढ़ती-घटती है: महंगाई का बढ़ना और घटना प्रोडक्ट की डिमांड और सप्लाई पर निर्भर करता है। अगर लोगों के पास पैसे ज्यादा होंगे तो वे ज्यादा चीजें खरीदेंगे। ज्यादा चीजें खरीदने से चीजों की डिमांड बढ़ेगी और डिमांड के मुताबिक सप्लाई नहीं होने पर इन चीजों की कीमत बढ़ेगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 9. टाइम मैगजीन ने ट्रम्प को पर्सन ऑफ द ईयर चुना, मस्क-नेतन्याहू को पीछे छोड़ जगह पाई टाइम मैगजीन ने अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को 2024 के लिए पर्सन ऑफ द ईयर चुना। ट्रम्प को 2016 में ये सम्मान मिल चुका है। पर्सन ऑफ द ईयर बनने के बाद अब ट्रम्प न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज के ट्रेडिंग डे की शुरुआती बेल बजाएंगे। इस साल खिताब के लिए ट्रम्प, कमला हैरिस, इलॉन मस्क, बेंजामिन नेतन्याहू और वेल्स की राजकुमारी केट मिडलटन के बीच मुकाबला था। गांधी इकलौते भारतीय जिन्हें कवर पर जगह दी गई: साल 1930 में टाइम मैगजीन ने महात्मा गांधी को पर्सन ऑफ द ईयर चुना था। वे मैगजीन के कवर पर जगह पाने वाले इकलौते भारतीय हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… अमेरिका में मूर्तियों पर आखें लगाईं, लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ने ऐसा करने से मना किया अमेरिकी राज्य ओरेगन के बेंड शहर में लोगों ने चौराहे पर रखी मूर्तियों पर बड़ी-बड़ी आखें लगा दीं। इन आर्टिफिशियल आइज को गूगली आइज कहते हैं। लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ने लोगों से ऐसा न करने को कहा है। गूगली आइज को मूर्तियों से हटाने में अब तक 1.27 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… कन्या राशि वालों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। तुला राशि के लोगों को अच्छी खबर मिल सकती है, जानिए आज का राशिफल आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *