नमस्कार, कल की बड़ी खबर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से जुड़ी रही, BJP पर मुंबई में वोटों के लिए पैसे बांटने का आरोप लगा। एक खबर मध्य प्रदेश सरकार के ऐलान की रही, यहां अगले 5 साल में ढाई लाख पदों पर सीधी भर्ती होगी। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. BJP महासचिव पर महाराष्ट्र में पैसे बांटने का आरोप, दावा- ₹5 करोड़ लाए थे, मुंबई में होटल से ₹9 लाख मिले BJP के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े पर मुंबई में पैसे बांटने का आरोप लगा है। चुनाव आयोग ने एक होटल में तावड़े के कमरे से 9 लाख रुपए और कागजात बरामद किए। बहुजन विकास अघाड़ी (BVA) के विधायकों का आरोप है कि तावड़े 5 करोड़ रुपए लेकर होटल पहुंचे थे। तावड़े और नालासोपारा से BJP प्रत्याशी राजन नाइक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। तावड़े बोले- मैं कार्यकर्ताओं की मीटिंग में गया था: विनोद तावड़े ने कहा- नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही थी। चुनाव के दिन की आचार संहिता की 12 बातें बताने के लिए मैं वहां पहुंचा था। हमारी सामने वाली पार्टियों को लगा कि मैं वहां पैसे बांटने पहुंचा हूं। इन आरोप की चुनाव आयोग और पुलिस जांच करें।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. दिल्ली में AQI-500 तक पहुंचा, सीजन का सबसे ज्यादा पॉल्यूशन, कृत्रिम बारिश की मांग
दिल्ली के कई इलाकों में मंगलवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 500 से ऊपर दर्ज किया गया। मंगलवार को सीजन का सबसे ज्यादा पॉल्यूशन था। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने केंद्र सरकार को लेटर लिखकर कृत्रिम बारिश कराने की मांग की है। राज्य सरकार ने सभी अस्पतालों को सांस की बीमारियों के पेशेंट्स के इलाज के लिए स्पेशल टीम बनाने को कहा है। थरूर बोले- क्या इसे देश की राजधानी बने रहना चाहिए: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने X पर लिखा, दिल्ली नवंबर से जनवरी तक रहने लायक नहीं है। बाकी के साल में बमुश्किल रहने लायक है। क्या इसे देश की राजधानी भी बना रहना चाहिए? दिल्ली आधिकारिक तौर पर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर है। यहां का पॉल्यूशन लेवल खतरनाक स्तर से 4 गुना ज्यादा है। दिल्ली विश्व के दूसरे सबसे प्रदूषित शहर ढाका से लगभग 5 गुना ज्यादा प्रदूषित है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. MP में 5 साल में ढाई लाख सरकारी नौकरियां मिलेंगी, हर साल एग्जाम कैलेंडर जारी होगा
मध्यप्रदेश सरकार अगले 5 साल में ढाई लाख पदों पर सीधी भर्ती करेगी। इसके लिए हर साल एग्जाम कैलेंडर जारी किया जाएगा। अगर 33% से कम पद खाली हैं तो उन्हें एक बार में भरा जाएगा। अगर 33% से ज्यादा और 66% से कम पद खाली हैं तो 8% पदों को 2024-25 में और अगले दो साल 46-46% पदों को भरा जाएगा। पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. इंटरनेशनल फ्लाइट जयपुर में छोड़कर चले गए पायलट, 180 पैसेंजर 9 घंटे तक परेशान होते रहे
पेरिस से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट को पायलट जयपुर में छोड़कर चले गए। इससे 180 से ज्यादा पैसेंजर्स 9 घंटे तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे। पायलट्स का कहना था कि उनके ड्यूटी आवर्स पूरे हो चुके हैं। फ्लाइट को खराब मौसम की वजह से जयपुर डायवर्ट किया गया था। पैसेंजर्स को बाय रोड दिल्ली भेजा गया। पायलट्स कितने घंटे डयूटी करते हैं: इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन (ICAO) और डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने पायलट्स के वर्किंग ऑवर्स तय किए हैं। इनके मुताबिक, पायलट 24 घंटे में अधिकतम 8 घंटे और एक हफ्ते में अधिकतम 30 घंटे उड़ान भर सकते हैं। ड्यूटी टाइम पूरा होने के बाद भी विशेष परिस्थिति में पायलट को 4 घंटे और विमान उड़ाने की छूट दी जा सकती है। अगली उड़ान से पहले पायलट को कम से कम 10 घंटे का रेस्ट जरूरी होता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. पूर्व रूसी राष्ट्रपति बोले- तीसरे वर्ल्ड वॉर की शुरुआत हुई; यूक्रेन ने पहली बार रूस पर अमेरिकी मिसाइलें दागीं
रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने कहा, ‘अमेरिका ने यूक्रेन को रूस में मिसाइल हमला करने की अनुमति देकर तीसरे वर्ल्ड वॉर की शुरुआत कर दी है।’ रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन ने पहली बार अमेरिका से मिली लंबी दूरी की मिसाइलें उनके इलाके में दागी हैं। यूक्रेन ने ब्रियांस्क इलाके में 6 आर्मी टेक्टिकल मिसाइल सिस्टम (ATACMS) मिसाइलें दागीं, इनमें से 5 को मार गिराया गया। पुतिन ने परमाणु हथियार से जुड़ा नियम बदला: रूस-यूक्रेन जंग के 1000 दिन पूरे होने पर पुतिन ने परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के नियम बदल दिए हैं। अब कोई नॉन न्यूक्लियर देश, न्यूक्लियर पावर वाले देश के सपोर्ट से हमला करता है तो रूस उस पर परमाणु हमला कर सकता है। पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. G20 समिट में PM मोदी से मिले ब्राजील के राष्ट्रपति, कहा- हमने भारत से बहुत सीखा ब्राजील की राजधानी रियो डि जेनेरियो में G20 समिट के तीसरे सेशन का समापन हुआ। इसमें ‘सस्टेनेबल डेवलपमेंट और ऊर्जा के बेहतर विकल्प’ विषय पर दुनियाभर के नेताओं ने चर्चा की। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने कहा, ‘G20 समिट में ब्राजील ने जो कदम उठाए हैं, वे भारत के पिछले साल G20 में लिए गए फैसलों से प्रेरित हैं।’ तीसरे सेशन के समापन के बाद मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा, चिली के राष्ट्रपति गैब्रियल बोरिक, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. थाईलैंड में एअर इंडिया के 100 पैसेंजर 80 घंटे फंसे, तकनीकी खराबी से 3 बार उड़ान टली एअर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी की वजह से 100 से ज्यादा यात्री थाईलैंड के फुकेत में 3 दिन तक फंसे रहे। इनमें से 70 पैसेंजर्स को 80 घंटे बाद यानी 19 नवंबर को दूसरे विमान से भारत भेजा गया। अभी भी 30 यात्री फुकेत में हैं। एअर इंडिया की फ्लाइट AI377 को 16 नवंबर को उड़ान भरना था। 16 नवंबर की रात तकनीकी खराबी का हवाला देकर उड़ान 6 घंटे के लिए टाल दी गई। घंटों इंतजार के बाद यात्रियों को बोर्डिंग के लिए कहा गया, लेकिन एक घंटे बाद ही फ्लाइट को कैंसिल कर दिया। फ्लाइट ने एक बार उड़ान भी भरी, लेकिन ढाई घंटे बाद फुकेत एयरपोर्ट पर लौट आई। इस तरह उड़ान 3 बार टली।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… अमेरिकी कंपनी ने बॉस को डांटने की सर्विस शुरू की
एक अमेरिकी कंपनी ने बॉस को डांट लगाने की सर्विस शुरू की है। ये कंपनी स्टैंड-अप कॉमेडियन कैलिमर व्हाइट ने बनाई है। कोई भी एम्प्लॉई पैसे देकर ये सर्विस ले सकता है। उनकी पहचान उजागर किए बिना ही बॉस को फटकार लगाई जाती है। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… कन्या राशि के लोगों को नौकरी में पदौन्नति मिल सकती है। तुला राशि वालों के इनकम सोर्स बढ़ेंगे, जानिए आज का राशिफल आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…