मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:राहुल गांधी बोले- केंद्र सरकार ने मनमोहन सिंह का अपमान किया; गहलोत के बनाए 9 जिले भजनलाल ने खत्म किए

नमस्कार, कल की बड़ी खबर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक को लेकर चल रही सियासी खींचतान की रही। एक खबर राजस्थान से जुड़ी रही, अब यहां 50 की बजाय 41 जिले होंगे। हम आपको ये भी बताएंगे की रूस के राष्ट्रपति ने किस बात के लिए माफी मांगी है। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन, बेटी ने मुखाग्नि दी; PM, राहुल, सोनिया और प्रियंका मौजूद रहे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का दिल्ली के निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। उनके पार्थिव शरीर को सेना की तोपगाड़ी पर घाट लाया गया था। यहां तीनों सेनाओं ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। सोनिया, प्रियंका, राहुल और कांग्रेस के बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति मुर्मु, प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ भी अंतिम विदाई देने पहुंचे। पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. राहुल बोले- निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार मनमोहन सिंह का अपमान, केजरीवाल ने कहा- केंद्र स्मारक के लिए जमीन नहीं दे सका
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने X पर लिखा, ‘डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर करवाकर केंद्र सरकार ने उनका अपमान किया है। वे सर्वोच्च सम्मान और समाधि स्थल के हकदार हैं।’ वहीं केजरीवाल ने कहा, ‘मनमोहन के अंतिम संस्कार और स्मारक के लिए बीजेपी सरकार 1000 गज जमीन भी न दे सकी। अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार राजघाट पर किया जाता था।’ विवाद कहां से शुरू हुआ: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 27 दिसंबर को PM मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को लेटर लिखा। कहा था कि डॉ. सिंह का अंतिम संस्कार जहां हो, वहीं स्मारक बनाया जाए। इस पर गृह मंत्रालय ने कहा कि स्मारक के लिए उचित जगह तलाशी जाएगी और ट्रस्ट बनेगा, जिसमें समय लगेगा। शनिवार को BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, ‘डॉ. सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित कर दी गई। इसके बारे में उनके परिवार को भी जानकारी दी गई है।’ हालांकि नड्‌डा ने यह नहीं बताया कि जमीन कहां दी गई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. पुतिन ने अजरबैजान प्लेन क्रैश पर माफी मांगी, जिम्मेदारी नहीं ली; हादसे में 38 लोग मारे गए थे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने अजरबैजान प्लेन क्रैश को लेकर माफी मांगी। पुतिन ने अजरबैजान के राष्ट्रपति से कहा कि हादसा उनके एयरस्पेस में हुआ इसका उन्हें दुख है। क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति ऑफिस) ने कहा- अजरबैजान का प्लेन तय समय पर ग्रोज्नी पहुंचा था। उसने बार-बार एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश की। उसी समय, ग्रोज्नी, मोजदोक और व्लादिकाव्काज के एयर स्पेस में यूक्रेनी ड्रोन हमले कर रहे थे। रूसी एयर डिफेंस सिस्टम इन्हें रोक रहा था। क्रेमलिन ने यह नहीं कहा कि उन्हीं के एयर डिफेंस सिस्टम की फायरिंग से प्लेन क्रैश हुआ है। कजाकिस्तान के अक्ताउ में 25 दिसंबर को अजरबैजान एयरलाइंस का प्लेन क्रैश हुआ था, जिसमें 38 लोग मारे गए थे। प्लेन रूस के गोज्नी जा रहा था। हादसे के बाद रूसी एयर डिफेंस सिस्टम पर हमले का शक जताया जा रहा था।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. राजस्थान में अब 50 नहीं 41 जिले; गहलोत के बनाए 9 जिले, 3 संभाग भजनलाल ने खत्म किए
राजस्थान की भजनलाल सरकार ने गहलोत सरकार में बने 9 जिले और 3 संभाग कैंसिल कर दिए। राजस्थान में 50 जिले थे, अब 41 जिले ही रह जाएंगे। वहीं 10 की जगह 7 संभाग होंगे। कानून मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा, ‘नए जिले बनाने में वित्तीय संसाधन और आबादी को अनदेखा किया गया था।’ अशोक गहलोत ने मार्च 2023 में ये जिले और संभाग बनाने का ऐलान किया था। पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. AAP की महिला सम्मान योजना की जांच होगी, दिल्ली LG बोले- नागरिकों की निजी जानकारी जुटा रहे दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला सम्मान योजना की जांच के निर्देश दिए हैं। इसके लिए दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी और पुलिस कमिश्नर को चिट्‌ठी लिखी है। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 12 दिसंबर को दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए देने का ऐलान किया था। कहा था कि चुनाव जीतने के बाद इसे बढ़ाकर 2100 रुपए किया जाएगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. मेलबर्न टेस्ट के तीसरे दिन भारत की वापसी; नीतीश ने शतक लगाकर भारत को फॉलोऑन से बचाया भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वापसी कर ली है। टीम ने तीसरे दिन स्टंप्स तक पहली पारी में 9 विकेट पर 358 रन बनाए। एक समय भारत पर फॉलोऑन खेलने का खतरा मंडरा रहा था। फिलहाल टीम इंडिया 116 रन से पीछे है। नीतीश रेड्‌डी 105 और मोहम्मद सिराज 2 रन पर नाबाद हैं। टीम इंडिया ने सुबह 164/5 के स्कोर से खेलना शुरू किया था। ऋषभ पंत ने 6 और रवींद्र जडेजा ने 4 रन से अपनी-अपनी पारी को आगे बढ़ाया। नीतीश के ऑस्ट्रेलिया में तीन रिकॉर्ड्स: नीतीश ऑस्ट्रेलिया में नंबर-8 पर उतरकर शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। रेड्डी मेलबर्न में अपना पहला टेस्ट शतक बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने। उनसे पहले वीनू मांकड़ ने 1948 में सेंचुरी लगाई थी। वे ऑस्ट्रेलिया में शतक लगाने वाले तीसरे यंगेस्ट इंडियन हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. अन्ना यूनिवर्सिटी रेप केस- FIR में पीड़ित के कपड़ों पर कमेंट, मद्रास HC ने कहा- पुलिस सावधानी बरते
चेन्नई की अन्ना यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग स्टूडेंट के रेप केस की मद्रास हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने कहा, ‘FIR में लिखा है कि पीड़ित ने ऐसे कपड़े पहने थे, जिससे अपराध हो सके। पीड़ित के सम्मान के अधिकार और निजता के अधिकार का उल्लंघन किया गया। पुलिस को संवेदनशील होने की जरूरत है। FIR में ऐसी बातें लिखी हैं जैसी लड़के हॉस्टल में छुपकर पढ़ते हैं।’ कोर्ट ने 2 आदेश दिए: हाईकोर्ट ने FIR लीक होने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। अदालत ने राज्य सरकार को इसके बदले पीड़ित को ₹25 लाख मुआवजा देने का भी आदेश दिया। मद्रास हाईकोर्ट ने रेप केस की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाने का आदेश भी दिया। SIT में 3 महिला IPS होंगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… स्पोर्ट्स शू पहनने पर जॉब गई, ₹30 लाख मुआवजा मिला ब्रिटेन में एलिजाबेथ नाम की महिला को कंपनी ने स्पोर्ट्स शू पहनकर दफ्तर आने की वजह से नौकरी से निकाल दिया। एलिजाबेथ कोर्ट पहुंची, कोर्ट ने उन्हें 30 लाख रुपए का मुआवजा देने का आदेश दिया। एलिजाबेथ ने दलील थी कि उन्हें कंपनी जॉइन किए हुए कुछ ही दिन हुए थे, ड्रेस कोड की जानकारी नहीं थी। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… फोटो जो खुद में खबर है… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… आर्थिक नजरिए से वृष राशि वालों के लिए अच्छा दिन है। मिथुन राशि वालों के बिजनेस में नए कामों की योजनाएं बनेंगी। जानिए आज का राशिफल आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *