नमस्कार, कल की बड़ी खबर महाराष्ट्र में CM और दो डिप्टी CM के शपथ समारोह से जुड़ी रही। देवेंद्र फडणवीस ने 10 साल में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं दूसरी बड़ी खबर एक्टर अल्लू अर्जुन पर दर्ज हुए गैर इरादतन हत्या के केस को लेकर रही। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. फडणवीस तीसरी बार महाराष्ट्र के CM बने, पहली कैबिनेट में मरीज को ₹5 लाख मदद देने का फैसला महाराष्ट्र चुनाव रिजल्ट के 13 दिन बाद नई सरकार बन गई है। देवेंद्र फडणवीस ने 10 साल में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ऐसा करने वाले वह भाजपा के पहले नेता हैं। फडणवीस के बाद एकनाथ शिंदे ने डिप्टी CM पद की शपथ ली। शपथ से पहले उन्होंने बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे का नाम लिया। PM मोदी और अमित शाह को धन्यवाद दिया। वे राज्य के दूसरे नेता हैं, जो CM के बाद डिप्टी CM बने। शिंदे के बाद NCP नेता अजित पवार ने डिप्टी CM की शपथ ली। वह छठी बार राज्य के डिप्टी CM बने हैं। वह महायुति और महाविकास अघाड़ी दोनों गठबंधन की सरकार में डिप्टी CM रहने वाले महाराष्ट्र के पहले नेता बन गए हैं। पहली कैबिनेट में मरीज को सहायता मिली: शपथ के आधे घंटे बाद फडणवीस, शिंदे और अजित मंत्रालय पहुंचे। पहली कैबिनेट मीटिंग में देवेंद्र फडनवीस ने पुणे के मरीज चंद्रकांत शंकर कुरहाडे को इलाज के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा राहत कोष से 5 लाख रुपए की सहायता देने का फैसला लिया। मंत्रियों ने शपथ नहीं ली: CM और दोनों डिप्टी CM के अलावा किसी मंत्री को शपथ नहीं दिलाई गई। हालांकि, महायुति के बीच कैबिनेट बंटवारे को लेकर 6-1 का फॉर्मूला तय हुआ है। यानी 6 विधायक पर एक मंत्री पद मिलेगा। इसके तहत भाजपा को 20 से 22 मंत्री पद, एकनाथ शिंदे गुट को 12 और अजित पवार गुट को 9 से 10 मंत्री पद दिए जा सकते हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. संसद में निशिकांत बोले- विपक्ष सरकार गिराने की कोशिश में, राहुल से पूछा- क्या देश तोड़ने वालों से नहीं मिले संसद सत्र के आठवें दिन भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने विपक्ष पर सरकार गिराने की कोशिश का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी से पूछा कि क्या आप खालिस्तान समर्थकों और कश्मीर का विभाजन चाहने वालों से नहीं मिले? निशिकांत ने कहा कि राहुल अमेरिका गए और वहां मुश्फिकुल फजल से मिले। फजल, बांग्लादेश में हत्याओं के लिए जिम्मेदार है। राहुल इल्हान उमर, रो खन्ना और बारबरा ली से मिले थे। ये लोग अमेरिका में मोदी के कार्यक्रमों का विरोध करते हैं। गोगोई बोले- मोदी संभल में आग लगाना चाहते हैं: असम से सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि भाजपा झूठ बोल रही है। वे संसद नहीं चलाना चाहते। राहुल गांधी देश में शांति कायम करना चाहते हैं। PM मोदी ने जिस तरीके से मणिपुर में आग लगाई, वैसे ही संभल में आग लगाना चाहते हैं। राहुल गांधी को संभल जाने से रोका गया। पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. अल्लू अर्जुन पर गैर इरादतन हत्या का केस, बिना बताए पुष्पा-2 देखने थिएटर पहुंचे थे; भगदड़ मचने से एक महिला की मौत हैदराबाद पुलिस ने एक्टर अल्लू अर्जुन पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। दरअसल, अल्लू अर्जुन बुधवार की रात बिना बताए एक थिएटर में पुष्पा-2 देखने पहुंच गए। उन्हें देखकर फैंस थिएटर में घुसने लगे। इसके चलते भगदड़ मच गई। इसमें एक महिला की मौत हो गई और 3 लोग घायल हो गए। मृतक महिला के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अल्लू अर्जुन और थिएटर मैनेजमेंट के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुष्पा-2 पहले दिन 250 करोड़ कमा सकती है: 500 करोड़ रुपए में बनी अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा-2 रिलीज हो गई है। फिल्म ने गुरुवार दोपहर 3 बजे तक 72 करोड़ रुपए कमा लिए। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, फिल्म पहले दिन 250 करोड़ रुपए से ज्यादा भी कमा सकती है। अगर ऐसा हुआ तो यह पहले दिन सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली इंडियन फिल्म बन जाएगी। जवान ने पहले दिन 65.5 करोड़ का कलेक्शन किया था। पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. सुप्रीम कोर्ट बोला- दिल्ली में पॉल्यूशन बढ़ा तो सख्ती बढ़ा देंगे, फिलहाल पाबंदियों में ढील दी
सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण को लेकर लगाई गई पाबंदियों में ढील दी। दिल्ली-NCR में लागू GRAP-4 को हटा दिया है। हालांकि, कोर्ट ने कहा है कि पाबंदियां GRAP 2 से नीचे नहीं जानी चाहिए। अगर पॉल्यूशन बढ़ता है तो सख्ती बढ़ा देंगे। दरअसल, कमेटी फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने बताया कि दिल्ली की हवा में प्रदूषण कम हुआ है। इसलिए अब हमें GRAP की पाबंदियां कम करने की जरूरत है। कोर्ट बोला- मजदूरों को 8 हजार रुपए दें: दिल्ली सरकार की तरफ से सीनियर एडवोकेट शादान फरासत ने कहा कि हमने 90 हजार मजदूरों को 2 हजार का भुगतान किया है। इस पर कोर्ट ने कहा कि 90 हजार मजदूर 8 हजार रुपए के हकदार हैं। आप बचे हुए 6 हजार कब तक देंगे। क्या आप मजदूरों को भूखा रखना चाहते हैं। इस पर दिल्ली सरकार ने कहा कि वे 6 दिसंबर को भुगतान कर देंगे। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि GRAP-4 के दौरान कंस्ट्रक्शन का काम बंद रहेगा। प्रभावित मजदूरों को मुआवजा दिया जाएगा। पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. जयशंकर बोले- अलग फिलिस्तीन देश बनने पर हमारा समर्थन, इजराइल हमारी मुसीबत में साथ खड़ा रहा भारत ने अलग फिलिस्तीनी देश बनने का समर्थन किया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष खत्म करने के लिए भारत अपने टू स्टेट सॉल्यूशन यानी अलग फिलिस्तीन देश बनाए जाने के फैसले पर कायम है। हालांकि, विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि इजराइली बंधकों के मुद्दों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। साथ ही जयशंकर ने कहा- इजराइल उस वक्त भी हमारे साथ खड़ा रहा, जब हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में थी। इसलिए जब भी हम कोई फैसला लेंगे तो अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा का हित भी देखेंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. बाबा सिद्दीकी से पहले सलमान को मारने की साजिश थी, शूटर बोला- एक्टर की सिक्योरिटी टाइट थी
NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया है कि शूटर्स पहले सलमान की हत्या करने वाले थे, लेकिन सिक्योरिटी टाइट होने पर प्लान बदल लिया। आरोपी ने बताया कि सलमान बुलेट प्रूफ कार से चलते हैं और उनके आसपास कई गार्ड मौजूद रहते हैं। ऐसे में उन तक पहुंचना काफी मुश्किल था। इसी वजह से बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी। 12 अक्टूबर की रात बाबा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लॉरेंस गैंग के टारगेट पर हैं सलमान: बीते कुछ साल से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से सलमान खान को धमकियां मिल रही हैं। 1998 में हुई काले हिरण के शिकार की घटना से बिश्नोई समुदाय नाराज है, जिसका हवाला देते हुए लॉरेंस ने एक TV इंटरव्यू में सलमान को मारने की धमकी दी थी। 14 अप्रैल की सुबह 5 बजे सलमान के बांद्रा स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग हुई थी। हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस ग्रुप ने ली थी। पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. हेमंत सोरेन कैबिनेट में 5 मंत्री रिपीट, JMM-कांग्रेस ने 50% मंत्रियों को किया ड्राप हेमंत सोरेन के सीएम पद की शपथ लेने के 6 दिन बाद राजभवन के अशोक उद्यान में 11 मंत्रियों ने शपथ ली। नई सरकार में 5 मंत्रियों को रिपीट किया गया है। जबकि, JMM और कांग्रेस ने अपने 50% मंत्रियों को बदला है। राज्य गठन के बाद पहली बार फारवर्ड कोटे से मंत्री नहीं बनाया गया। इससे पहले एक या दो मंत्री हमेशा फारवर्ड कोटे से बनते रहे हैं। JMM के 6 और कांग्रेस से 4 मंत्री: मंत्रिमंडल में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से 6, कांग्रेस से 4 और राजद से एक विधायक मंत्री बने हैं। JMM के हफीजुल हसन ने उर्दू में शपथ ली। बाकी 10 मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ली। हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को अकेले ही मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। पूरी खबर यहां पढ़ें… 8. पाकिस्तान में इमरान खान के खिलाफ 14 नए केस दर्ज, इस्लामाबाद में हिंसक प्रदर्शन का आरोप
जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ 14 नए मामले दर्ज किए हैं। इसके साथ ही इस्लामाबाद में इमरान के खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या बढ़कर 76 हो गई है। दरअसल, इमरान ने जेल से संदेश जारी कर समर्थकों से देशभर में विरोध प्रदर्शन करने के लिए कहा था। इसके बाद 24 नवंबर को इस्लामाबाद के डी-चौक पर प्रदर्शन हुए। यह हिंसक हो गया और 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें 4 प्रदर्शनकारी और 3 पुलिसकर्मी शामिल थे। पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… रोबोट ने बास्केटबॉल में बनाया विश्व रिकॉर्ड, 80 फीट दूर से बास्केट की जापान में ह्यूमनॉइड रोबोट CUE6 ने 80 फीट दूर से गोल करके बास्केटबॉल में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। रोबोट को टोयोटा मोटर कॉर्पोरेशन ने बनाया है। इसकी खासियत है कि यह अपनी गलतियों से सीखकर और बेहतर शॉट लगा सकता है। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… कन्या राशि वालों की डेली इनकम बढ़ सकती है। जानिए आज का राशिफल आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…