मोगा जिले में अजीतवाल थाना पुलिस ने लूटपाट करने वाले पांच सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। डीएसपी अनवर अली ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला 16 फरवरी का है। गांव कोकरी कलां निवासी कुलविंदर सिंह, जो तलवंडी मलियां में इलेक्ट्रिशियन की दुकान चलाते हैं, अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में कार सवार हथियारबंद युवकों ने उन्हें घेर लिया। युवकों ने कुलविंदर सिंह को जान से मारने की धमकी देकर उनसे 2500 रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और आधार कार्ड छीन लिए। इस घटना के संबंध में अजीतवाल पुलिस ने कुलविंदर सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया था। गश्त के दौरान पकड़ा गया आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राज सिंह ने गश्त के दौरान कार्रवाई की। पुलिस ने गिरोह के सदस्यों सुखविंदर सिंह उर्फ हैप्पी लंगड़ा, रणजीत सिंह उर्फ गोंडा, विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की, मनप्रीत सिंह उर्फ मनी उर्फ घंडा और प्रभदीप सिंह उर्फ आशिक को नामजद किया। ये सभी आरोपी भिंडर खुर्द गांव के निवासी हैं। पुलिस ने इनमें से विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस टीम के साथ पेश किया गया।


