मोगा जिले में नशा विरोधी अभियान के तहत फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस ने एक युवक को 6 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जानकारी देते हुए एएसआई सुरिंदर कुमार ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दाना मंडी ललिहांदी के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक घबरा गया, जिस पर शक के आधार पर उसे रोका गया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास से छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी गिरफ्तार, हेरोइन बरामद पूछताछ में आरोपी की पहचान गांव मदारपुर निवासी कारज सिंह उर्फ लड्डू के रूप में हुई। बरामद हेरोइन के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लेकर थाना फतेहगढ़ पंजतूर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह हेरोइन कहां से लाया था और इसे आगे किसे बेचा जाना था। पुलिस का जारी रहेगा अभियान पुलिस संभावित सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखा जा सके और नशे के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। मामले की गहन जांच जारी है।


