मोगा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। जहां पुलिस ने जिले के अलग-अलग स्थानों से 3 व्यक्तियों को हेरोइन और नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। थाना बधनी कलां के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने बताया कि हवलदार जगसीर सिंह अपनी टीम के साथ राऊके कलां रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान, राऊके कलां निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ जस को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने जसप्रीत को तुरंत गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया। वहीं एक अन्य कार्रवाई में, थाना सिटी साउथ के प्रभारी जरनैल सिंह ने गश्त के दौरान गिल गांव निवासी जगजीत सिंह उर्फ जीता और कोटकपूरा निवासी साजन कुमार उर्फ लक्की को पकड़ा। तीन आरोपी गिरफ्तार, नशे की गोलियां बरामद दोनों की तलाशी लेने पर 70 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने दोहराया कि नशे के खिलाफ उनका अभियान जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिला पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


