पंजाब के मोगा में तेज रफ्तार कार और स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में मामा-भांजे की मौत हो गई। यह हादसा मोगा-बर्नाला मुख्य मार्ग पर गांव लोहारा के पास हुआ। मृतक मामा संतोष सिंह गांव बुर्ज नक्लिया, रायकोट के रहने वाले थे। भांजा दर्शन सिंह गांव बुर्ज कराला, मोगा का निवासी था। भांजे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मामा को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब डिजायर कार में सवार लोग दरबार साहिब से मत्था टेक कर बर्नाला लौट रहे थे। गांव लोहारा के पास स्कूटी सवार ने अचानक लिंक रोड से हाईवे पर स्कूटी मोड़ दी। तेज रफ्तार कार के चालक ने नियंत्रण खो दिया और दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को अपने कब्जे में ले लिया। दोनों मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल मोगा के मुर्दाघर में रखवाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


