मोगा जिले के गांव नत्थूवाला जदीद में एक महिला को पड़ोसी द्वारा गलत नजर से देखने का विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट कर घायल कर दिया गया। बता दे कि यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज वायरल हो रहा है। वहीं घायल महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल अस्पताल में भर्ती रमनदीप कौर पत्नी शिवराज सिंह निवासी नत्थूवाला जदीद ने बताया कि वह दो बच्चों की मां हैं। उनके पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति उन पर गलत नजर रखता था, जिसका वह लगातार विरोध करती थीं। घर में घुसकर की मारपीट रमनदीप कौर के अनुसार, हाल ही में जब उनके पति काम पर गए थे और बच्चे स्कूल गए थे, तब वह घर में अकेली थीं। इसी दौरान पड़ोसी व्यक्ति ने अपने घर की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर उन्हें घर से बाहर घसीटा और बुरी तरह पीटा। इस मारपीट में रमनदीप कौर के पांव, घुटने और कूल्हे पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया। सिविल अस्पताल के इमरजेंसी स्टाफ ने प्राथमिक उपचार के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी।थाना अजीतवाल पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।


