शिरोमणि अकाली दल ने मोगा जिले के निगाहा रोड पर धंसी सड़क और सीवरेज समस्या को लेकर नगर निगम को चेतावनी दी है। हलका इंचार्ज संजीत सिंह सनी गिल ने कहा कि यदि एक-दो दिन में समाधान नहीं हुआ तो वे क्षेत्रवासियों के साथ निगम परिसर में धरना देंगे। यह सड़क बोहना रोड से निगाहा रोड को जोड़ती है। सनी गिल ने मौके का दौरा करने के बाद बताया कि लगभग 12 दिन पहले सड़क का एक छोटा हिस्सा धंसा था। समय पर मरम्मत न होने के कारण अब यह गड्ढा 15 से 16 फीट तक चौड़ा और गहरा हो गया है। सड़क का किनारा लगातार नीचे धंस रहा है। इस स्थिति से आसपास की दुकानों और इमारतों की नींव को खतरा पैदा हो गया है। सीवरेज का गंदा पानी दुकानों के नीचे तक पहुंच रहा है, जिससे व्यापारियों में चिंता है। यह सड़क क्षेत्र के प्रमुख मार्गों में से एक है और यहां से प्रतिदिन भारी आवाजाही होती है। संजीत गिल बोले- आस-पास दो स्कूल गिल ने बताया कि गड्ढे के आसपास दो स्कूल स्थित हैं, जहां से छोटे बच्चे रोजाना आते-जाते हैं। इसके बावजूद नगर निगम ने 12 दिन पहले केवल अस्थायी रूप से गड्ढे के ऊपर एक ट्रॉली रख दी थी और उसके बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। गड्ढा लगातार फैल रहा है, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। फंड को लेकर भी सनी गिल ने निगम प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मेयर नीतिका भल्ला के कार्यकाल में निगम के पास लगभग 34 करोड़ रुपये की एफडी थी, जो अब घटकर करीब 13 करोड़ रह गई है। उन्होंने सवाल किया, “अगर फंड मौजूद है तो फिर शहर की बुनियादी समस्याएं क्यों नहीं सुलझ रहीं? यह पैसा आखिर खर्च कहां हो रहा है?” केवल रोड तक सीमित नहीं है समस्या सनी गिल ने यह भी कहा कि समस्या केवल निगाहा रोड तक सीमित नहीं है। प्रीत नगर समेत कई इलाकों में लंबे समय से सीवरेज का पानी सड़कों और गलियों में भरा हुआ है, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है। बदबू, गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, लेकिन निगम अधिकारी इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहे। सनी गिल ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर सड़क की मरम्मत और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो वे स्थानीय व्यापारियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों के साथ नगर निगम कार्यालय में शांतिपूर्ण धरना देंगे और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कराने की मांग करेंगे। क्षेत्र के लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि किसी अनहोनी से पहले तत्काल ठोस और स्थायी समाधान किया जाए, ताकि शहर में बढ़ते इन जानलेवा गड्ढों पर रोक लग सके। इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद जगजीत सिंह जीता भी मौजूद थे उन्होंने कहा नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन अधिकारी इस समस्या को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है।


