मोगा जिले के कोकरी कलां गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लोहारा गांव निवासी 38 वर्षीय मिंटू सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गांव में दो पक्षों के बीच पैसों और जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन मिंटू सिंह (जो एक कोल्ड स्टोर में काम करता था) अपने रिश्तेदार के घर ब्रेड लेने गया था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने उस पर डंडों, रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में मिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल मिंटू को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुरानी रंजिश में वारदात घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए परिजनों ने अजीतवाल थाना के बाहर मृतक का शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अजीतवाल थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राज सिंह ने बताया कि यह झगड़ा पैसों के लेनदेन और जमीन विवाद को लेकर हुआ था। झगड़े के दौरान मिंटू पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस परिवार के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


