मोगा पुलिस ने सोमवार को पुरानी दाना मंडी में दिन-दहाड़े हुई हवाई फायरिंग और तेजधार हथियारों से मारपीट के मामले में 13 हथियारबंद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा निवासी गांव झतरा (जीरा) भी शामिल है। यह मामला थाना सिटी साउथ में विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। इस घटना में जसवीर सिंह उर्फ जस्सी निवासी गोधेवाला धर्म सिंह नगर घायल हो गए थे। उन्हें गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना सिटी साउथ के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि सहायक थाना प्रभारी अजीत सिंह और रछपाल सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा और उसके 10-12 हथियारबंद साथियों ने जसवीर सिंह उर्फ जस्सी पर हमला किया है। यह घटना दाना मंडी के पास हनुमान मंदिर के निकट हुई। आरोपियों ने भीड़भाड़ वाली जगह पर झगड़ा कर लोगों की जान जोखिम में डाली। उन्होंने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियारों से हवाई फायर भी किए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती जसवीर सिंह उर्फ जस्सी से पूछताछ का प्रयास किया। हालांकि, उनकी हालत ठीक न होने के कारण बयान दर्ज नहीं किए जा सके। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों ने जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई है।


