मोगा में फिरौती मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़:पुलिस ने चार आरोपी पकड़े, विदेशी नंबर से 50 लाख रुपये मांगे थे

मोगा पुलिस ने फोन पर फिरौती मांगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। यह कार्रवाई डीजीपी पंजाब द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। शिकायतकर्ता हार्दिक अरोड़ा उर्फ गोनी, जो मोगा के मेन बाजार में मोबाइल फोन की दुकान चलाते हैं, ने पुलिस को बताया कि 5 जनवरी 2026 को उन्हें एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को “मक्खन अमृतसरी” बताते हुए 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का परिचित साजिश में शामिल था इसके बाद उन्हें लगातार अलग-अलग विदेशी नंबरों से धमकियां और फिरौती की मांग मिलती रही। पुलिस जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता का परिचित जसकरण सिंह इस साजिश में शामिल था। थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जसकरण सिंह, जसविंदर सिंह, रविंदर सिंह और जसकरण सिंह पुत्र दलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी लखविंदर सिंह उर्फ लाडा अभी फरार है। यह मामला थाना सिटी साउथ मोगा में मुकदमा नंबर 57 दिनांक 10.02.2026 धारा 308(4), 61(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि मामले की गहन जांच की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *