मोगा पुलिस ने कार से एक महिला का पर्स चुराने वाले आरोपी बलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मोगा के रब्ब नगर का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया गया पर्स और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी मोगा में मामला दर्ज किया गया है। फोकल प्वाइंट पुलिस चौकी के सहायक थानेदार सतनाम सिंह ने बताया कि यह घटना बीती 13 फरवरी की रात मोगा-लुधियाना जी.टी. रोड पर स्थित एक आउटलेट पर हुई थी। शिकायतकर्ता अनीता अरोड़ा, निवासी सिविल लाइन, मोगा, अपने पति रजनीश अरोड़ा के साथ खाना खाने गई थीं। कार के पिछले दरवाजे से पर्स निकाल कर भागा चोर अनीता अरोड़ा के पति खाने-पीने का सामान लेने चले गए, जबकि वह कार की अगली सीट पर बैठी थीं। उनका पर्स पिछली सीट पर रखा था। इसी दौरान, कथित आरोपी बलविंदर सिंह ने कार का पिछला दरवाजा खोलकर पर्स निकाला और मौके से फरार हो गया। पर्स में अनीता अरोड़ा का पासपोर्ट, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड और 3 हजार रुपये नकद थे। घटना का पता चलते ही उन्होंने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक थानेदार सतनाम सिंह ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बलविंदर सिंह की तस्वीर कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को उसकी कार सहित काबू कर लिया। सहायक थानेदार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।


