मोगा की दिल्ली कॉलोनी में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। थाना सिटी-1 के अंतर्गत आने वाली इस कॉलोनी में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चौकी फोकल प्वाइंट की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। चौकी फोकल प्वाइंट के एएसआई मलकीत सिंह ने बताया कि पुलिस को दिल्ली कॉलोनी में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, इलाके को सुरक्षित किया और शव की जांच की। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक युवक का शव 72 घंटे के लिए शवगृह में रखवाया गया पुलिस ने समाज सेवा सोसायटी के सहयोग से शव को सिविल अस्पताल मोगा के शवगृह में 72 घंटे के लिए पहचान हेतु रखवाया है। इसका उद्देश्य है कि परिजन या परिचित उसकी पहचान कर सकें। ASI मलकीत सिंह के अनुसार, मृत युवक की बाजुओं, हाथों और गले पर टैटू बने हुए हैं, जो उसकी पहचान में मददगार हो सकते हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। युवक की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस युवक के बारे में कोई जानकारी हो तो वे तत्काल पुलिस से संपर्क करें। मामले की जांच जारी है और पहचान सुनिश्चित होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


