मोगा की सिटी पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वरुण कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। हालांकि, इस मामले में शामिल आरोपी का एक अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर पाल सिंह को सूचना मिली कि गांव चीमा का निवासी अमोलक सिंह उर्फ अभय और जीरा रोड का आशीष उर्फ कालू वाहन चोरी कर उन्हें बेचने का धंधा करते हैं। इसपर पुलिस ने घेराबंदी की और अमोलक सिंह को धर दबोचा। उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। अनमोल को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। असिस्टेंट थानेदार पाल सिंह ने बताया कि फरार आरोपी आशीष उर्फ कालू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।


