मोगा में सड़क हादसों में पिता-पुत्र समेत 5 घायल:अचानक बाइक के आगे आया कुत्ता, दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने की भिड़ंत

मोगा में होली के दिन यानि आज कई सड़क हादसे हुए। इन हादसो में पिता-पुत्र समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। संबंधित थानों की पुलिस को इन घटनाओं की सूचना दे दी गई है। पहला हादसा फोकल प्वाइंट के नजदीक हुआ। जानकारी के अनुसार, बच्चू खान अपने बेटे साहिल खान के साथ बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने की कोशिश में बाइक असंतुलित हो गई और पिता-पुत्र दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। दो बाइकों में हुई आमने-सामने की टक्कर वहीं, दूसरा हादसा गांव वरे के पास सामने आया। घायल शराफत अली, जो गांव लौहारा के निवासी हैं, ने बताया कि वह अपने साथी बिट्टू सिंह के साथ कबड्डी खेलकर बाइक पर घर लौट रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। इस टक्कर में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के इमरजेंसी स्टाफ ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस ने दोनों हादसों की जानकारी लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए, स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। बाइक सवार हुआ घायल इसके अलावा कोटकपूरा बाइपास पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही समाज सेवा सोसाइटी की टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। सोसाइटी के अध्यक्ष गुरसेवक सिंह सन्यासी अपनी टीम के साथ राहत कार्य में शामिल हुए। घायल युवक की पहचान मोगा के सरदार नगर निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एंबुलेंस से सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से बाईपास पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। घायल मनप्रीत सिंह की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *