मोगा जिले के बरनाला बाईपास पर हुए एक सड़क हादसे में एक पटवारी की मौत हो गई। बता दे कि मृतक की पहचान अनीश कुमार गोयल के रूप में हुई है, जो बधनी कलां क्षेत्र के गांव मीनियां में पटवारी के पद पर तैनात थे। यह हादसा शुक्रवार देर रात उस समय हुआ जब अनीश कुमार मोगा के पास एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपनी कार से बरनाला लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, जब उनकी आईटेन कार निहाल सिंह वाला के नजदीक पहुंची, तो वह अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनीश कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
कार हादसे में पटवारी की मौत राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मोगा के सिविल अस्पताल में कानूनगो अमनदीप सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में इसे एक दुर्घटना माना जा रहा है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। हादसे की जांच में जुटी पुलिस शनिवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद अनीश कुमार का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से परिवार और क्षेत्र में दुख का माहौल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।


