मोगा सिविल अस्पताल में आशा वर्करों का प्रदर्शन:बोलीं- लंबे समय से नहीं हुआ वेतन का भुगतान, कार्य बहिष्कार की चेतावनी

मोगा के सिविल अस्पताल परिसर में आशा वर्करों ने अपने लंबित वेतन के भुगतान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना दिया, जिसमें बड़ी संख्या में वर्कर शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान वर्करों ने सीनियर मेडिकल अफसर हरिंदर सिंह सूद को एक मांग पत्र सौंपा। यूनियन की अध्यक्ष संदीप कौर नीतू और नेता कमलजीत कौर ने धरने को संबोधित करते हुए बताया कि मोगा अर्बन क्षेत्र की कई आशा वर्करों को अभी तक वेतन नहीं मिला है। नेताओं ने कहा कि नियमित रूप से काम करने के बावजूद भुगतान न होने से उनके परिवारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और कई वर्कर कर्ज लेने को मजबूर हैं। कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक बकाया वेतन जारी नहीं किया जाता, तब तक वे अपने कार्यों का बहिष्कार जारी रखेंगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आशा वर्कर स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं और गांव-शहर में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यूनियन ने मांग की कि मोगा जिले के प्रत्येक ब्लॉक का वेतन अलग-अलग जारी किया जाए। इससे किसी एक ब्लॉक में तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि होने पर अन्य वर्करों का भुगतान प्रभावित नहीं होगा। प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा गया और चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *