प्रधानमंत्री की सभा के दौरान मंच पर बाएं से मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, डिप्टी सीएम दिया कुमारी, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे व मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़। किसानों की बात प्रधानमंत्री ने राजस्थान को विभिन्न जल योजनाओं से जोड़ने का जिक्र किया। इस जिक्र के जरिए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर सवाल उठाए और केंद्र की योजनाओं की जानकारी देकर किसानों को साधने का प्रयास किया। उन्होंने संशोधित पार्वती-काली सिंध-चंबल लिंक परियोजना, यमुना राजस्थान लिंक प्रोजेक्ट सहित अन्य सिंचाई परियोजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता दर्शाई। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने 32 मिनट के भाषण में महिलाओं, किसानों, युवाओं सहित हर वर्ग को शामिल करते हुए राजस्थान में ईआरसीपी से लेकर वन रैंक-वन पेंशन और पीएम सूर्य घर योजना तक का उल्लेख करते हुए सभी को साधने की कोशिश की। पीएम ने 21,800 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे। राजे को बहन कह संबोधित किया प्रधानमंत्री ने भजनलाल शर्मा को लोकप्रिय मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को बहन कहकर संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, केन्द्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, संसद में मेरे साथी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ तथा अन्य मंत्रियों का जिक्र किया। सभा में शामिल हुए संतों का आशीर्वाद लिया। वन रैंक वन पेंशन वन रैंक वन पेंशन के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा, कहा कांग्रेस ने सेना को वर्दी और हथियारों के लिए भी तरसा दिया था। वन रैंक वन पेंशन का मुद्दा राजस्थान के झुंझुनूं से ही उठा था। सेना को सर्वाधिक युवा देने वाले राज्यों में राजस्थान भी शामिल हैं। पेपर लीक और रोजगार की बात प्रधानमंत्री ने युवाओं को साधने के लिए रोजगार की बात की। नियुक्ति पत्र भी बांटे। साथ ही पेपर लीक के जरिए कांग्रेस सरकार की नाकामियों को गिनाया। साथ ही भाजपा सरकार के दो वर्षों में हुई परीक्षाएं बगैर लीक हुए कराने का भी संदेश युवा वर्ग को दिया। रूफ टॉप सोलर प्लांट पीएम सूर्य घर योजना के जरिये मध्यमवर्गीय परिवारों को बिजली बिल से राहत मिलने का संदेश दिया। इससे घर बैठे बिजली से कमाई और सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी का भी जिक्र किया गया। योजना का स्टेटस देश भर में फरवरी 2026 तक करीब 35 लाख और राजस्थान में करीब 1.48 लाख सोलर इंस्टॉलेशन हो चुके हैं।


