भास्कर न्यूज | रायगढ़ रायगढ़ जिले के घरघोड़ा और भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में चोरी की दो बड़ी वारदातें सामने आई हैं। घरघोड़ा में नकाबपोश चोरों ने एक मोबाइल दुकान से लाखों के मोबाइल पार कर दिए, वहीं भूपदेवपुर के कुर्रूभांठा में दिनदहाड़े एक सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात चोरी कर लिए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। ग्राम कुडुमकेला निवासी सेतराम साव (31) सड़कपारा मेन रोड पर ‘साव कंप्यूटर एंड मोबाइल’ नाम की दुकान चलाते हैं। बीती रात करीब 8:15 बजे वे दुकान बंद कर घर गए थे। अगली सुबह जब वे पहुंचे, तो दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। सीसी फुटेज में 4-5 नकाबपोश चोर लोहे की रॉड से शटर तोड़ते हुए साफ नजर आ रहे हैं। चोरों ने काउंटर में रखे मोबाइल बैग में भरे और फरार हो गए। संचालक के मुताबिक, 43 नए और 40 पुराने मोबाइल सहित गल्ले में रखे 3 हजार रुपए चोरी हुए हैं। चोरों ने कैमरा तो उखाड़ दिया था, लेकिन डीवीआर वहीं रह जाने से पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। पीड़ित ने करीब 5 लाख रुपए के नुकसान की आशंका जताई है। मकान का ताला तोड़ चोरी दूसरी घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की है। ग्राम कुर्रूभांठा निवासी खुशीराम पटैल (43) ने पुलिस को बताया कि सुबह वे ड्यूटी पर गए थे और परिवार के बाकी सदस्य खेत में काम करने चले गए थे। दोपहर में घर पर ताला लगा हुआ था। शाम करीब 5:30 बजे जब पत्नी और बेटी घर लौटीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर आलमारी का लॉकर तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और जरूरी दस्तावेज पार कर दिए थे। चोरी हुए जेवरात की कीमत लगभग 90 हजार रुपए बताई जा रही है।


