बलौदाबाजार| एक्स्ट्राऑर्डिनरी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा स्थानीय क्षेत्रों में एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। इस प्रस्तुति का मुख्य उद्देश्य आधुनिक समाज में मोबाइल फोन के बढ़ते दुरुपयोग और उससे होने वाले दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करना था। नाटक में दर्शाया गया कि एक ही घर में रहते हुए भी परिवार के सदस्य मोबाइल में व्यस्त रहने के कारण आपस में भावनात्मक रूप से दूर होते जा रहे हैं। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से बताया कि गेमिंग और सोशल मीडिया की लत विद्यार्थियों की एकाग्रता, अध्ययन और भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही है। मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से आँखों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव, मानसिक तनाव तथा नींद की समस्या जैसे गंभीर मुद्दों को भी नाटक में उजागर किया गया। नुक्कड़ नाटक को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने छात्रों के इस जागरूकता अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। एक अभिभावक ने कहा, आज के समय में जब छोटे बच्चे भी मोबाइल के बिना खाना नहीं खाते, ऐसे में छात्रों द्वारा दिया गया यह संदेश समाज के लिए वास्तव में आँख खोलने वाला है।


