मोहन सरकार की पहली वर्षगांठ:मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, कांग्रेस ने कहा-वादों पर खरी नहीं उतरी सरकार

सीएम ने कहा- आपकी सरकार आपके द्वार, हर पात्र को ढूंढकर योजनाओं का फायदा देंगे सरकार की पहली वर्षगांठ पर सीएम डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को एक साल की उपलब्धियों पर मीडिया से बात की। कुशाभाऊ कन्वेंशन सेंटर में यादव ने जनकल्याण पर्व को लेकर कहा कि 11 दिसंबर से यह सिलसिला शुरू हो गया है, 26 दिसंबर तक प्रदेश में रोजाना एक बड़ा आयोजन होगा, जिसमें किसी बड़ी विकास परियोजना का भूमिपूजन या लोकार्पण किया जाएगा। 26 जनवरी तक आपकी सरकार आपके द्वार आएगी और हर पात्र-सुपात्र को खोजकर उनका हक उन्हें दिलाएगी। उन्होंने 7 नगरीय निकाय के पार्षद चुनावों में 6 पर भाजपा की जीत को जनता में भाजपा के प्रति भरोसे का प्रमाण बताया और भाजपा के जीत के अभियान के लिए प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को शुभंकर बताया। शर्मा ने मोहन यादव सरकार को प्रदेश में अब तक की सबसे तेजी से निर्णय लेने और तत्काल एक्शन करने वाली सरकार बताया। संकल्प पत्र के 456 संकल्पों में से 45 संकल्प एक साल में पूरे किए। लाड़ली बहनों को 19 हजार 212 करोड़ दे चुकी सरकार
सीएम ने कहा कि देश में महिलाओं को सर्वाधिक 35% आरक्षण मप्र में दिया जा रहा हैं। 1 करोड़ 29 लाख लाड़ली बहनों को सरकार अब तक 19 हजार 212 करोड़ रुपए दे चुकी है। सरकार बनी थी, तब कहा गया कि यह योजना चल नहीं पाएगी। सरकार पर लोड (वित्तीय भार) आएगा। फाइंनेंशियली तकलीफ है यह बात सही है, लेकिन हमने तय किया है कि सरकार अपनी आय के साधन बढ़ाते हुए इसे आगे जारी रखेगी। आय बढ़ने पर कोई दिक्कत नहीं आएंगी। सरकार स्वाभाविक रूप से आय बढ़ाने पर काम कर रही है। पटवारी ने कहा- सरकार के पास अगर उपलब्धियां होती तो मंत्री चुनाव हारते ही नहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार के एक साल पूरे होने पर कहा कि भाजपा सरकार ने एक साल में अपने एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया है। कानून व्यवस्था की हालत खराब होती जा रही है। यदि वाकई सरकार के पास गिनाने को उपलब्धियां होती तो विजयपुर में सरकार के मंत्री चुनाव नहीं हारते। बुदनी में सवा लाख से जीतने वाले शिवराज के स्थान पर लड़े भाजपा उम्मीदवार प्रशासन के दम पर मुश्किल से जीत पाए हैं। पटवारी ने कहा कि प्रदेश में क्राइम, कर्ज और करप्शन की सरकार चल रही है। जनता के हाथ ख़ाली के ख़ाली है। करप्शन की धुरी ऊपर से लेकर नीचे तक जा रही है। लाड़ली बहनों के दम पर चुनाव जीतने वाले उन्हें 3 हजार कब देंगे, क्यों नहीं बताते। इसके खिलाफ कांग्रेस 16 दिसंबर से जवाब दो, हिसाब दो अभियान चलाकर विधानसभा का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को इस बात का भी जवाब देना चाहिए कि रीजनल इंडस्ट्रियल समिट के नाम पर कागजी निवेश अब पूरे मप्र में “पर्यटन” कर रहा है। सरकार का कहना है कि इन सम्मेलनों के माध्यम से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। लेकिन, सरकारी रिकॉर्ड में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। पटवारी ने कहा उद्योगपति अस्पष्ट नीतियों और लालफीताशाही के कारण निवेश करने से बच रहे हैं। पीएम एक्सीलेंस कॉलेज केवल कागजों में ही दौड़ रहे हैं, क्योंकि आज भी पुरानी समस्याओं के ऊपर नई योजना के नामकरण का कागज कोई भी आसानी से पढ़ और समझ सकता है। छात्रों और शिक्षकों की संख्या में असंतुलन, अव्यवस्थित पाठ्यक्रम और बुनियादी ढांचे की कमी है।
नेता प्रतिपक्ष बोले- भ्रष्टाचार और चुनाव में जनता से किए वादों पर क्यों मौन हैं सीएम भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार की नाकामियां गिनाईं। सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मौन यादव की संज्ञा देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोपियों पर कार्रवाई के मामले में वे क्यों चुप हैं। 247 भ्रष्ट अफसरों पर मुकदमा चलाने की मंजूरी आखिर सरकार क्यों नहीं दे रही। मोहन यादव सुशासन की बात करते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार पर मौन साध जाते हैं। लाड़ली बहनों को 3 हजार रुपए कब देंगे। जनजीवन मिशन में 40 हजार करोड़ के घोटाले की जांच का आश्वासन देने के बाद कार्रवाई क्या हुई के सवाल पर सीएम मौन क्यों हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *