पबिया | मोहलीडीह गांव में 14 मई से 16 मई तक सोलो प्रहर हरिनाम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया है। इस तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में भक्ति भाव से सराबोर ग्रामीणों ने भगवान के स्मरण व भजन-कीर्तन के माध्यम से आत्मिक शांति की अनुभूति की।कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण कीर्तन गायिका अनुश्री पाल रहीं, जिन्होंने भगवान श्रीहरि कृष्ण की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन कर उपस्थित भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। अनुश्री पाल ने अपने संकीर्तन के माध्यम से यह संदेश दिया कि कलियुग में केवल हरिनाम संकीर्तन ही मनुष्य को सतमार्ग की ओर प्रेरित कर सकता है। उन्होंने समझाया कि यह संसार मोह-माया का जाल है, और सच्ची भक्ति केवल भगवान के स्मरण व कीर्तन में ही संभव है। जहां भगवान का कीर्तन होता है, वहीं उनका वास होता है।इस आयोजन में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बनता था। तपन दास, मनोरंजन दास, मुकेश दास, आकाश दास, सूरत दास, विक्की दास, नलिन दास और किशोर दास सहित समस्त ग्रामीणों ने बताया कि यह कीर्तन गांव का वार्षिक आयोजन है, जिसे हर वर्ष बड़े श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया जाता है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरे गांव का योगदान रहा।


